Eradicating corruption is Congresss election agenda; call to hoist the victory flag in all three Panchayat Samitis-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 4:11 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भ्रष्टाचार का सफाया कांग्रेस का चुनावी मुद्दा, तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का विजय परचम लहराने का आह्वान

khaskhabar.com: गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 5:34 PM (IST)
भ्रष्टाचार का सफाया कांग्रेस का चुनावी मुद्दा, तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का विजय परचम लहराने का आह्वान
परसादी बोले- कांग्रेस का प्रधान बना तो लालसोट पंचायत समिति में हुई भ्रष्टाचार की होगी जांच; मछलियों का एक करोड़ का ठेका 10 हजार में छोड़ने का आरोप लालसोट (दौसा)। पंचायतराज चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को लालसोट पैलेस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ। इसमें लालसोट, रामगढ़ पचवारा और शिवसिंहपुरा पंचायत समितियों में कांग्रेस का विजय परचम लहराने का आह्वान किया गया। सम्मेलन में पंचायत समिति क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारियां भी प्रस्तुत कीं। पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि लालसोट से भ्रष्टाचार का सफाया कांग्रेस का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जनता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जनादेश दिया और कांग्रेस के बोर्ड बनाए। अब पंचायतराज चुनाव में भी जनता भ्रष्टाचार के खिलाफ जनादेश देकर भाजपा के कथित कुशासन का अंत करे।
उन्होंने पंचायत समिति में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रधान को दरकिनार कर बीडियो ने मछलियों का करीब एक करोड़ रुपए का ठेका महज 10 हजार रुपए में छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रधान बनने पर पंचायत समिति में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी।
80% युवाओं को टिकट देने की बात
परसादी लाल मीणा ने कहा कि पंचायत चुनाव में 80 प्रतिशत युवाओं को टिकट देने पर जोर रहेगा। टिकट वितरण में 50 प्रतिशत महिलाओं के आरक्षण का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के परिवार के लोगों को टिकट नहीं दिया जाएगा तथा पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट में प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से साफ छवि वाले, ईमानदार और स्वच्छ छवि के दावेदारों के नाम आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की राय को टिकट वितरण में महत्व दिया जाएगा। साथ ही भाजपा पर निकाय चुनाव में भाजपा मूल कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि कई सीटिंग पार्षदों, पांच बार चुनाव जीत चुके पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं की टिकट में अनदेखी की गई।
90ए को लेकर भाजपा पर निशाना
पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के बोर्ड बनने के बाद नगर परिषद क्षेत्र में 90ए के नाम पर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बोर्ड के कार्यकाल में 90ए के लिए लोगों को एक बीघा जमीन पर 3 से 5 लाख रुपए तक देने पड़ रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं के अलावा भाजपा सरकार नई योजनाएं शुरू नहीं कर पाई है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और रामगढ़ पचवारा में स्कूल से घर लौट रही छात्रा के अपहरण के प्रयास की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
शहर के कार्यकर्ता गांवों में करेंगे कांग्रेस के लिए काम
नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाने में ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब पंचायत राज चुनाव में शहर के कार्यकर्ता और पार्षद भी गांवों में जाकर कांग्रेस के पक्ष में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करना और मिशन 2028 के तहत पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा को लालसोट से जीत दिलाने का लक्ष्य है।
सम्मेलन में पूर्व प्रधान नाथूलाल मीणा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष दीपक पुरोहित, क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष जगदीश राडा, अमित उपाध्याय, पूर्व प्रधान सावित्री सैनी, गंगासहाय बैरवा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर अमित स्वामी, पूर्व उप जिला प्रमुख सीताराम मीणा, उपसभापति बृजमोहन सैनी, पीसीसी सदस्य कमल मीणा, दिनेश जोशी, कैलाश जायमान, ईश्वरलाल मीणा, रामकन्या मीणा, पांची देवी मीणा, निरंजन जोशी, बुद्धिप्रकाश शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य बृजमोहन थानेदार, नरेश मीणा, रामावतार शर्मा, रमेश जांगिड़, हेमराज मीणा, राधामोहन मिश्रा, इरफान खान, शहजाद अली, सूरज सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
नगरियावास में एक ही रात चार जगह बोरिंग की केबल चोरी, ग्रामीणों में रोष
लालसोट (दौसा )।
उपखंड क्षेत्र के नगरियावास गांव में रात के समय अज्ञात बदमाशों द्वारा चार अलग-अलग जगहों से बोरिंग की बिजली की केबल चोरी करने का मामला सामने आया है। एक ही रात में चार किसानों के खेतों में चोरी की वारदात होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस को रिपोर्ट देकर आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई करने और चोरी गई केबल बरामद करने की मांग की है।
ग्रामीणों सुरेश गौरव, परशुराम सहित अन्य ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात बदमाशों ने भोलाराम सैनी, कैलाश मीणा, रमेश मीणा और पुनिराम मीणा के खेतों में लगी बोरिंग की बिजली की केबल काट दी और उसे चोरी कर ले गए। सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो केबल गायब मिली, जिसके बाद ग्रामीणों को वारदात का पता चला।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बोरिंग की केबल चोरी की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इन मामलों की पुलिस को रिपोर्ट देने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने, पूर्व की घटनाओं का पता लगाने तथा ताजा वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चोरी गई केबल बरामद कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
सहयोग और समर्पण से संगठन को मजबूती मिलेगी : बिनौरी

लालसोट।
उपखंड मुख्यालय पर विराट बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा नेता सोनू बिनौरी का संगठन से जुड़ने पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोनू बिनौरी ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के सहयोग, समर्पण और सक्रिय भागीदारी से होती है। उन्होंने संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि सोनू बिनौरी के सहयोग और समर्पण से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उनके जुड़ने से राष्ट्र सेवा, समाज सेवा तथा सनातन धर्म-संस्कृति से जुड़े कार्यों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आकाश सैनी बौंलीवाला, केशव वैष्णव, कमलेश कुमार सैनी (बिन्नू), अश्विनी पांखला, भजन सैनी, सूरज सैनी सहित संगठन के कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा कांग्रेस से नहीं, अपनों की नाराजगी से हारी... अब कार्यकर्ता तय करेंगे टिकट

- पंचायत राज चुनाव की तैयारी में भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन, नगर निकाय चुनाव की हार की रही छाया; विधायक बोले- इस बार टिकट वितरण में मेरी नहीं चलेगी


लालसोट ( दोसा)।
नगर निकाय चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा ने अब पंचायत राज चुनाव के लिए अपनी रणनीति बदलने के संकेत दिए हैं। बुधवार को श्याम सरोवर गार्डन में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में नगर परिषद चुनाव की हार की समीक्षा सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा रही। मंच से बार-बार कार्यकर्ताओं की नाराजगी, टिकट वितरण और संगठन के भीतर तालमेल की कमी का मुद्दा उठा।
सम्मेलन में विधायक रामविलास मीणा कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर भक्तों को सुनते हुए नजर आए। महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. मूर्ति मीणा सहित अधिकांश वक्ताओं ने आगामी पंचायत चुनाव में कार्यकर्ताओं की राय को टिकट वितरण का आधार बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जो कमी नगर निकाय चुनाव के दौरान रही वह कमी सुधारी जाए तथा पंचायत राज चुनाव में इस तरह की गलती ने दोहराई जाए जिससे पार्टी को नुकसान हो।
विधायक बोले- कांग्रेस ने नहीं, अपनों ने हराया
विधायक रामविलास मीणा ने नगर निकाय चुनाव के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा तीन सीटों पर महज 13 वोट के अंतर से 3 वार्डो चुनाव हार गई, अन्यथा नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बन सकता था। उन्होंने कहा कि पार्टी को कांग्रेस ने नहीं हराया, बल्कि टिकट नहीं मिलने से नाराज अपने ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा।
उन्होंने साफ कहा कि पंचायत राज चुनाव में टिकट वितरण का तरीका बदलेगा। जिला परिषद और पंचायत समिति के वार्डों में जाकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया जाएगा। वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठक होगी और जिस नाम पर कार्यकर्ता सहमत होंगे, उसी आधार पर टिकट देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विधायक ने कहा कि इस बार जीत-हार की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं के कंधों पर होगी। उन्होंने संकेत दिया कि टिकट चयन में कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।
निकाय की हार के बाद भाजपा ने गांवों पर बढ़ाया फोकस
राजस्थान में पंचायत राज चुनाव से पहले भाजपा संगठन भी बूथ और पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दे रहा है। ऐसे में लालसोट का सम्मेलन स्थानीय स्तर पर पार्टी के लिए निकाय चुनाव की गलतियों से सीख लेकर ग्रामीण चुनाव की रणनीति तैयार करने की कवायद के रूप में देखा गया।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से लालसोट, शिवसिंहपुरा और रामगढ़ पचवारा पंचायत समितियों के साथ जिला परिषद चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत समितियों में भाजपा का परचम लहराकर विकास को गति देने के लिए ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनाने की दिशा में कार्यकर्ता जुटें।
300 किमी सड़कों के विकास का दावा
रामविलास मीणा ने सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में लालसोट विधानसभा क्षेत्र में करीब 300 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का दावा किया। उन्होंने कहा कि कई सड़क कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई पर काम जारी है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ का भ्रम फैलाकर लोगों को गुमराह करने का काम करती है।
तबादलों को लेकर भी बोले विधायक
विधायक ने कहा कि कर्मचारियों के तबादलों में उन्होंने पार्टीगत भेदभाव नहीं किया और लालसोट क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया। पार्टी विरोध की गतिविधियों में रहने वाले कर्मचारियों को चुनाव बाद देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद सरकार थर्ड ग्रेड कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हटाएगी और लालसोट क्षेत्र के कर्मचारियों को यहां लाने का प्रयास किया जाएगा।
‘नई और पुरानी भाजपा’ पर सोनू बिनोरी का निशाना
भाजपा नेता सोनू बिनोरी ने निकाय चुनाव की हार के लिए पार्टी के भीतर बने मतभेदों को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आपस में लड़ाने के लिए पार्टी को ‘नई भाजपा’ और ‘पुरानी भाजपा’ में बांटने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में नया जुड़ा प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी का ही कार्यकर्ता है।
बिनोरी ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के कथित बहकावे में नहीं आने और पंचायत राज चुनाव में एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में कार्यभार संभालने के तीन दिन बाद ही नए सभापति ने बजट नहीं होने की बात कह दी जबकि भाजपा बोर्ड में विकास कार्यों की कमी नहीं रही बजट कहीं से भी आया मगर विकास को प्राथमिकता दी गई। अभी तो लालसोट शहर में 25 करोड रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं जो भाजपा द्वारा स्वीकृत किए गए थे।
ब्रजमोहन मीणा बोले- गलतियों से सीखना होगा
पूर्व आईएएस ब्रजमोहन मीणा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में हुई गलतियों की समीक्षा कर पंचायत राज चुनाव में सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
भाजपा नेता शिवशंकर जोशी ने नगर परिषद सभापति को कल्याण जी के मंदिर में शपथ दिलाने के मुद्दे पर बोलते हो कहा कि पहले ब्राह्मणी माता के मंदिर में पूर्व मंत्री तथा उनके पुत्र भ्रष्टाचार ना करेंगे ना करने देने की शपथ लेवे।
सम्मेलन में चुनाव प्रभारी भावना सैनी, पंडित कैलाश शर्मा दौलतपुरा, जगदीश मीणा, रामजी लाल डोई, सत्येंद्र सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सुमन मीणा, खुर्रा रामप्रसाद मीणा, ओमप्रकाश गुप्ता, राजूदास स्वामी, कैलाश शर्मा घोड़ी वाले, रामचरण बोहरा, शंभूलाल कुईवाला, रूपसिंह मीणा, रामसिंह कांकरिया, मीनू किन्नर, अनिल बुर्जा, सतपाल मीणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ अग्रसेन जयंती महोत्सव

-अग्रवाल सेवा सदन में पांच दिवसीय आयोजन का आगाज

लालसोट (दोसा)। अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा श्री अग्रसेन जी महाराज की 5180वीं जयंती के उपलक्ष्य में श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 का बुधवार को अग्रवाल सेवा सदन में ध्वजारोहण के साथ शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय महोत्सव के पहले दिन विभिन्न इंडोर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संरक्षक मगनलाल जैन, अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, जिला अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नवयुवक मंडल अध्यक्ष सौरभ गर्ग एवं महिला मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी गोयल ने महाराजा अग्रसेन जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ की। इसके बाद समाज का ध्वजारोहण किया गया।
प्रतियोगिताओं में बच्चों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अग्रवाल नवयुवक सेवा समिति एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में ‘एक मिनट’ और म्यूजिकल गेम प्रमुख आकर्षण रहे। एक मिनट प्रतियोगिता के निम्न वर्ग में भव्य जैन प्रथम और रिद्धि मंगल द्वितीय, मध्यम वर्ग में मोहित अग्रवाल प्रथम और आरव बंसल द्वितीय, जबकि खुला वर्ग में बबली गोयल प्रथम और इति गोयल द्वितीय थेी।
म्यूजिकल गेम के निम्न वर्ग में अविका मंगल प्रथम और अक्षत अग्रवाल द्वितीय, मध्यम वर्ग में देव गोयल प्रथम और राम गोयल द्वितीय, जबकि खुले वर्ग में संतोष अग्रवाल प्रथम और पूनम बंसल द्वितीय थेी।
प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों और महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
आज होंगी रचनात्मक प्रतियोगिताएं
महोत्सव के तहत 8 अक्टूबर को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें एक मिनट प्रतियोगिता, रचनात्मक प्रतियोगिता, दीपक सजाओ, थाली सजाओ, ‘एक ईंट-एक रुपया’ थीम और डेकोरेशन सहित अन्य प्रतियोगिताएं शामिल हैं। आयोजकों ने समाज के अग्र बंधुओं एवं मातृशक्ति से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाने तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।
समाज की एकता और युवाओं के भविष्य पर जोर
इस अवसर पर अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग एवं संरक्षक मगनलाल जैन ने समाज की एकता, व्यापारिक हितों की रक्षा, समाज के स्वाभिमान एवं सम्मान को बनाए रखने, युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य तथा समाज के राजनीतिक अस्तित्व को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने अग्रवाल समाज के विकास एवं निर्माण में सभी से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल के पदाधिकारी, अग्र बंधु, मातृशक्ति एवं बच्चे मौजूद थे।
किशोरी मेले में बालिकाओं ने मॉडल और नवाचार से दिखाई प्रतिभा
लालसोट (दोसा)। पीएम श्री अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेले में बालिकाओं की प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की झलक देखने को मिली। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय लालसोट के तत्वावधान में आयोजित मेले में ब्लॉक के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से आए 213 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
किशोरी सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत आयोजित मेले में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, सामाजिक सरोकारों और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर आधारित उपयोगी एवं नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। मॉडल के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया।
छह जोन में हुआ प्रदर्शन
मेले में प्रारंभिक एवं माध्यमिक श्रेणी के लिए तीन-तीन जोन में प्रदर्शनी लगाई गई। प्रारंभिक श्रेणी में कक्षा 6 से 8 तथा माध्यमिक श्रेणी में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रारंभिक श्रेणी के परिणाम:
प्रथम जोन में राउमावि राजौली की दिया शर्मा प्रथम, राउमावि खटूम्बर की लेखन्ता मीना द्वितीय तथा मँगांरावि धाकड़ा ढाणी, डिडवाना की तमन्ना सैनी तृतीय रहीं।
माध्यमिक श्रेणी के परिणाम:
प्रथम जोन में राउमावि राजौली की रितिका रैगर प्रथम, राउमावि कांकरिया की अल्कू बाई द्वितीय तथा राउमावि महारिया की गौरा राव तृतीय रहीं।
विजेताओं को शील्ड, सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र
समापन समारोह में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीना, एसीबीईओ द्वितीय अमित बड़ाया, संदर्भ व्यक्ति मुकेश कुमार मीणा तथा मेला संयोजक एवं प्रधानाचार्य रत्तीराम मीना ने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। मेले में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
सीबीईओ शीला मीना ने कहा कि किशोरी मेले ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता, कौशल और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महाकाली सेवा समिति की नवीन कार्यकारिणी गठित
लालसोट। महाकाली मंदिर परिसर में महाकाली सेवा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में समिति की गतिविधियों और आगामी सेवा कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया।
कार्यकारिणी में दिनेश शर्मा (लिवाली वाले) को अध्यक्ष, नवीन कोराका (धी वाले) को उपाध्यक्ष और जुगल किशोर शर्मा को महामंत्री बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का समिति सदस्यों ने सम्मान किया।
समिति सदस्यों ने कहा कि मां महाकाली के आशीर्वाद से समिति सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करेगी तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement