उदयपुर। दुनिया के सबसे बड़े नशीली दवाओं के कारोबार के खुलासे के बाद बुधवार को डीआरआई की टीम ने उदयपुर जिला सैशन न्यायालय में 6 महीनें की जांच का निष्कर्ष परिवाद के रूप में पेश किया। इसके साथ ही डीआरआई ने सभी आठ आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां न्यायालय ने अगली पेशी 26 मई की तय की। दरअसल डीआरआई ने नवम्बर महीने में प्रतिबंधित मेंड्रेक्स दवाईयों के काले कारोबार का खुलासा करते हुए मास्टर माइंड सुभाष दुधानी सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में आज कोर्ट के सामने पेश किए गए परिवाद में डीआरआई ने इस पूरे कारोबार के नौ हजार करोड़ के होने की जानकारी भी दी।
दरअसल डीआरआई ने करीब तीन हजार किलो प्रतिबंधित दवाईयों को कलडवास इलाके में जब्त किया था। जांच में सामने आया कि अफ्रिकन देशों को वर्ष 2009 और 2015 में करीब 2300 किलो प्रतिबंधित दवाईयां एक्सपोर्ट की जा चुकी हैं। करीब नौ हजार करोड़ के इस कारोबार के खुलासे के बाद डीआरआई की टीम इसे बड़ी सफलता मानते हुए अग्रीम अनुसंधान में जुट गई हैं। इस मामले में अभी कई ओर संदिग्ध शामिल हैं, जिनसे पूछताछ करने और आरोप सिद्ध होने पर उनकी भी गिरफ्तारियां संभव है। डीआरआई की टीम अब कोर्ट में भी सभी आरोप सिद्ध करने का दावा कर रही है।