दौसा। एसीबी ने शनिवार को रिश्वत लेने के आरोपी जेवीवीएनएल के सहायक अभियंता रतीराम को कोर्ट में पेश किया। आरोपी को एसीबी उपाधीक्षक केके शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को लालसोट से टैक्निकल हैल्पर रामकेश को स्थायी करने की एवज में दूसरे दलाल टैक्निकल हैल्पर के मार्फत दस हजार रुपए लेने के आरोप में पांच हजार रुपए नकद बरामद कर गिरफ्तार किया था। तीन हजार रुपए पूर्व में ही दे दिए गए थे। इस का एसीबी सत्यापन कर चुकी थी। दूसरी किस्त के रूप में पांच हजार की राशि दलाल के मार्फत दी जानी थी, लेकिन दलाल किसी काम से बाहर चला गया। इस पर एईन ने सीधे ही पांच हजार रुपए ले लिए और एसीबी के बिछाए जाल में फंस गया। इस ट्रेप कार्रवाई में खास बात यह देखी गई है कि यह राशि बड़े नोटों के बजाय सौ व पचास के नोटों के रूप में ली गई।