Dausa: A unique example of judicial compassion! The District and Sessions Judge descended-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 11, 2026 12:10 pm
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा : न्यायिक करुणा की अनूठी मिसाल! जिला एवं सैशन न्यायाधीश ने प्रथम तल से नीचे आकर 96 वर्षीय वृद्ध महिला को सौंपा अवार्ड राशि का चेक

khaskhabar.com: गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026 4:47 PM (IST)
दौसा : न्यायिक करुणा की अनूठी मिसाल! जिला एवं सैशन न्यायाधीश ने प्रथम तल से नीचे आकर 96 वर्षीय वृद्ध महिला को सौंपा अवार्ड राशि का चेक
दौसा। जिला एवं सैशन न्यायाधीश केशव कौशिक ने मानवीय संवेदनाओं और न्यायिक करुणा की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। अदालत की पहली मंजिल पर स्थित अपने कक्ष से नीचे उतरकर उन्होंने 96 वर्षीय वृद्ध महिला को अपने हाथों से अवार्ड राशि का चेक प्रदान किया। न्यायाधीश की इस संवेदनशील पहल की हर तरफ सराहना हो रही है। क्या था पूरा मामला? राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर पीठ द्वारा एस.बी.सी.एम.ए. संख्या 292/2016 (यूनाईटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी बनाम श्रीमती ममता वगैरह) और संख्या 2823/2016 में 6 मई को अवार्ड पारित किया गया था। इस आदेश की पालना में विपक्षी बीमा कंपनी (द न्यू इंडिया इंश्योरेंस) ने ब्याज सहित कुल 8 लाख 21 हजार 67 रुपये अधिकरण में जमा कराए थे। उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अधिकरण के पीठासीन अधिकारी केशव कौशिक ने यह राशि प्रार्थीगण के बचत खातों में जमा कराने के आदेश दिए थे।
प्रार्थीगण में शामिल 96 वर्षीय सम्पत्ति देवी शर्मा (पत्नी स्व. राधेश्याम शर्मा) वृद्धावस्था और गंभीर शारीरिक असमर्थता के कारण प्रथम तल पर स्थित न्यायालय तक आने में पूरी तरह असमर्थ थीं।
न्यायाधीश ने खुद कार के पास जाकर पूरी की औपचारिकताएं
वृद्ध प्रार्थिया की शारीरिक स्थिति और उम्र को ध्यान में रखते हुए जिला एवं सैशन न्यायाधीश केशव कौशिक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वयं न्यायालय भवन की पहली मंजिल से नीचे आने का निर्णय लिया। वे नीचे परिसर में खड़ी कार के पास पहुंचे और वहीं बैठकर वृद्ध प्रार्थिया से आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करवाते हुए अवार्ड राशि का चेक अपने हाथों से उन्हें सौंपा।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष अग्रवाल, प्रार्थीगण के अधिवक्ता रामकरण वर्मा व महेश ककराला तथा न्यायालय एवं विधिक सेवा प्राधिकरण का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
पहले भी पेश कर चुके हैं संवेदनशीलता की मिसाल
यह पहला मौका नहीं है जब जिला एवं सैशन न्यायाधीश केशव कौशिक द्वारा इस तरह की संवेदनशीलता प्रदर्शित की गई हो। इससे पहले भी विभिन्न अवसरों पर वे प्रथम तल पर स्थित न्यायालय में शारीरिक रूप से आने में असमर्थ बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंदों की सुविधा के लिए खुद नीचे उतरकर उन्हें अवार्ड राशि के चेक सुपुर्द करते रहे हैं। न्यायपालिका की इस अनूठी पहल से यह संदेश स्पष्ट होता है कि न्यायालय प्रत्येक पीड़ित और लाभार्थी तक न्याय की प्रक्रिया को सहज, सम्मानजनक और संवेदनशील तरीके से पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement