Dausa: A morning procession and a goodwill march were held in the city on Gandhi-Shastri Jayanti-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 5:47 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा : गांधी-शास्त्री जयंती पर शहर में निकली प्रभात फेरी और सद्भावना यात्रा, विभिन्न राजनीतिक दलों की सक्रियता भी रही तेज

khaskhabar.com: शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026 3:28 PM (IST)
दौसा : गांधी-शास्त्री जयंती पर शहर में निकली प्रभात फेरी और सद्भावना यात्रा, विभिन्न राजनीतिक दलों की सक्रियता भी रही तेज
दौसा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी द्वारा अलग-अलग आयोजनों के माध्यम से महापुरुषों को नमन किया गया और आगामी राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। प्रभात फेरी, रामधुनी और गांधी सर्किल पर श्रद्धांजलि जिला मुख्यालय स्थित गांधी सर्किल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विद्यार्थियों, धर्मगुरुओं, अधिकारियों और आमजन ने सहभागिता कर गांधीजी एवं शास्त्रीजी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, एसपी पीयूष दीक्षित और नगर परिषद सभापति रेखा गुर्जर ने चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। पीजी कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। कला जत्था की टीमों ने भजनों और रामधुनी की प्रस्तुतियां दीं, जबकि धर्मगुरुओं ने आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इस दौरान कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने गांधीजी के मूलमंत्र को याद करते हुए समाज के सबसे गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति के कल्याण को अपने निर्णयों में प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कांग्रेस ने निकाली 'गांधी सद्भावना यात्रा', ग्राम स्वराज संगोष्ठी का आयोजन
महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान के तत्वावधान में विधायक डी.सी. बैरवा के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा शहीद स्मारक से जिला कांग्रेस कार्यालय तक 'गांधी सद्भावना यात्रा' निकाली गई। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित ग्रामस्वराज्य संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद मुरारी लाल मीणा और जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ ने गांधीजी के 'ग्राम स्वराज' और स्वावलंबी गांवों के सपनों पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि पंचायतों में महिलाओं को मिला आरक्षण सामाजिक स्वराज की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा की पंचायती राज चुनाव को लेकर बैठक
दूसरी ओर, आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा दौसा विधानसभा की बैठक डाक बंगला परिसर में आयोजित की गई। विधानसभा प्रत्याशी जगमोहन मीणा ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रेला और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रतन तिवारी ने भी केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और चुनावों में पूरी ताकत से जुटने का निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement