Crime Bulletin: Massive fraud worth 92.50 lakh in the name of Hajj pilgrimage-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jul 22, 2026 7:37 pm
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

क्राइम बुलेटिन : हज यात्रा के नाम पर 92.50 लाख रुपये की महा-ठगी, पैसे मांगने पर मिली 'गोली मारने की धमकी

khaskhabar.com: मंगलवार, 09 जून 2026 3:44 PM (IST)
क्राइम बुलेटिन : हज यात्रा के नाम पर 92.50 लाख रुपये की महा-ठगी, पैसे मांगने पर मिली 'गोली मारने की धमकी
जोधपुर। सस्ते दाम में हज और उमराह का पवित्र सफर कराने के नाम पर मासूम लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जोधपुर के एक ट्रेवल व्यवसायी से हज वीजा के नाम पर 92 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने जब अपनी गाढ़ी कमाई वापस मांगी, तो शातिर ठगों ने न सिर्फ उसे सरेआम गोली मारने की धमकी दी, बल्कि सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें पोस्ट कर उसकी साख भी खराब कर दी। महानगर मजिस्ट्रेट संख्या 10 के कड़े आदेश (धारा 175 (3) BNSS) के बाद जोधपुर की नागौरी गेट थाना पुलिस ने दिल्ली के मुख्य आरोपी फराज़ खान सहित तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सऊदी अरब में दोस्ती, फिर जोधपुर आकर लगाया चूना
मेड़ती गेट के बाहर रहने वाले पीड़ित सैय्यद हैदर अली ने जुलाई 2023 में अपना उमराह और टूर एंड ट्रेवल्स का काम शुरू किया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात दिल्ली (त्रिलोकपुरी) के 'हिंदुस्तान टूर एंड ट्रेवल्स' के संचालक फराज़ खान से हुई। इसके बाद जब दोनों सऊदी अरब में उमराह के दौरान मिले, तो उनके बीच हज 2024 के बिजनेस को लेकर बातचीत हुई। फराज़ ने खुद को भारत का सबसे बड़ा टूर ऑपरेटर बताकर हैदर को झांसे में लिया और फिर जोधपुर आकर पहली किस्त के रूप में ₹25 लाख कैश ले गया।
29 हाजियों का भविष्य दांव पर, ऐसे ऐंठे लाखों रुपए:
पीड़ित के अनुसार, प्रति हाजी 3.25 लाख रुपये में हज वीजा और मोलींम तय हुआ था। आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में पीड़ित को कंगाल कर दिया:
टोकन मनी (कैश): ₹10,00,000/-
खान टूर एंड ट्रेवल्स (ऑनलाइन ट्रांसफर): ₹1,75,00,000/- (अलग-अलग तारीखों पर)
हवाला के जरिए (जुनेद के हस्ते): ₹40,00,000/-
कुल बकाया हड़पी गई रकम: ₹92,50,000/-
इतना ही नहीं, आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने 29 हाजियों की एडवांस फ्लाइट टिकटें भी बुक करवा दीं, जिससे उन्हें भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा।
"कॉल किया तो वहीं गोली से उड़ा दूंगा..."
जब वादे के मुताबिक वीजा नहीं आया और हाजियों का दबाव बढ़ा, तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे। मुख्य आरोपी फराज़ खान ने दबाव में आकर 15 लाख रुपये तो ऑनलाइन वापस किए, लेकिन उसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने जब दूसरे नंबरों से संपर्क किया, तो आरोपी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा- "अब कॉल किया तो जिस जगह खड़ा होगा, उसी जगह गोली से उड़वा दूंगा, फिर ले लेना मुझसे पैसा।"
केस दर्ज, दिल्ली रवाना होगी पुलिस टीम: नागौरी गेट थानाधिकारी शैफाली सांखला (नि.पु.) ने बताया कि कोर्ट के इस्तगासे के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) [धोखाधड़ी], 316 [criminal breach of trust], 61(2) [criminal conspiracy], 351/356 [जान से मारने की धमकी व रंगदारी] और 66(E) आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और कॉल रिकॉर्ड को खंगाल रही है और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम जल्द ही दिल्ली भेजी जाएगी।
वेदर अपडेट: राजस्थान में मौसम का डबल रोल: जोधपुर-बीकानेर में 'हीटवेव' का टॉर्चर, 11 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ लाएगा राहत
जोधपुर। मरुधरा में इन दिनों मौसम के दो बिल्कुल विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। जहाँ प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश और प्री-मानसून की गतिविधियां गर्मी से हल्की राहत दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर सूर्य नगरी जोधपुर सहित पूरा पश्चिमी राजस्थान भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू (हीटवेव) की चपेट में है।
सोमवार को सूर्य नगरी में सुबह से ही आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ ही उमस व गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों ने आमजन को बेहाल कर दिया। लोग तीखी धूप से बचने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांधकर और ठंडे पेयों का सहारा लेते नजर आए।
दुर्घटना समाचार : जोधपुर में पैंट की जेब में फटा मोबाइल, अचानक निकला धुआं और लगी आग, दुकानदार गंभीर रूप से झुलसा
जोधपुर। आज के दौर में चौबीसों घंटे हमारे साथ रहने वाला मोबाइल फोन कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इसका एक खौफनाक उदाहरण जोधपुर के मंडोर कृषि मंडी इलाके में देखने को मिला। यहाँ सोमवार की दोपहर एक किराना व्यवसायी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक ब्लास्ट जैसी स्थिति में आ गया। फोन के अत्यधिक गर्म होकर धुआं छोड़ने और आग पकड़ने के कारण व्यापारी की जांघ और हाथ की उंगलियां गंभीर रूप से झुलस गईं।
टी-शर्ट पहनने के कारण पैंट में रखा था फोन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाल सागर निवासी गोपाल सोनी मंडोर कृषि मंडी स्थित अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि सामान्यतः वे अपना मोबाइल शर्ट की ऊपर वाली जेब में रखते हैं, लेकिन सोमवार को टी-शर्ट पहनने के कारण उन्होंने फोन को पैंट की जेब में रख लिया था।
काउंटर पर काम करते समय हुआ हादसा
दोपहर करीब 3:30 बजे जब गोपाल दुकान के काउंटर पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे, तभी अचानक उनकी जांघ के पास तेज गर्माहट महसूस हुई और जेब से काला धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कपड़ों ने आग पकड़ ली। घबराहट में जब उन्होंने मोबाइल को जेब से बाहर खींचने की कोशिश की, तो मोबाइल की स्क्रीन और बॉडी इतनी गर्म थी कि उनके हाथ की उंगलियां भी बुरी तरह जल गईं।
अस्पताल में इलाज जारी: मौके पर मौजूद साथी व्यापारियों ने तुरंत गोपाल को संभाला और मंडोर स्थित सैटेलाइट अस्पताल लेकर भागे। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजेश गालवा ने बताया कि व्यवसायी की जांघ पर गहरा घाव हुआ है और डॉक्टरों की विशेष टीम की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद से शहर के बाजार में मोबाइल सुरक्षा और घटिया बैटरियों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
सामाजिक समाचार: स्वर्गीय फतेहराज कल्ला की खंडित प्रतिमा को लेकर फूटा आक्रोश; निष्पक्ष जांच और पुनर्स्थापना के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
जोधपुर। पुलिस थाना कोतवाली परिसर में स्थापित शहर की ऐतिहासिक शख्सियत स्वर्गीय फतेहराज कल्ला की प्रतिमा के अचानक खंडित होने की घटना को लेकर स्थानीय समाज और वकीलों में गहरा रोष व्याप्त है। घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने तथा प्रतिमा को पूर्ण सम्मान के साथ वापस स्थापित करने की मांग को लेकर 'द रॉयल्स सोसायटी, जोधपुर' और समाज के अधिवक्ता बंधुओं ने अतिरिक्त संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से इस गंभीर मामले में त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ऐतिहासिक धरोहर और जनभावनाओं का मामला
ज्ञापन सौंपने पहुंचे दी रॉयल्स सोसायटी के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दोटूक कहा कि यह मामला केवल एक पत्थर की प्रतिमा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत, समाज की जनभावनाओं और कानून-व्यवस्था से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रशासन को इस मामले में पूरी संवेदनशीलता दिखाते हुए दोषियों को बेनकाब करना चाहिए और प्रतिमा का भव्य पुनर्निर्माण करवाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल:
इस अवसर पर दी रॉयल्स सोसायटी के संरक्षक डॉ. आनंद राज पुरोहित, अध्यक्ष एडवोकेट कपिल बोहरा, उपाध्यक्ष निलेश तिवारी, मीडिया प्रभारी हरिगोपाल व्यास, दीपक सोनी, विनोद व्यास, एडवोकेट निलेश बोहरा, गोकुलेश बोहरा, एडवोकेट इमरान ख़ान, योगेश बोहरा, आरिफ मलकानी, गोपालराज कल्ला, एडवोकेट मोहसिन खान, एडवोकेट अब्दुल खालिद, ब्रजराज सिंह भाटी, पुष्पेंद्र सिंह भाटी, विकास चारण, अमरनारायण पुरोहित, पुखराज मेघवाल, सुमित कल्ला, भंवरलाल, दिनेश विश्नोई, सुशील हर्ष और राजकुमार पुरोहित सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और अधिवक्ता साथी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement