Congress workers must fight resolutely to protect the rights of the people and democratic institutions: Randeep Surjewala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 12, 2026 10:25 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से लड़ें : रणदीप सुरजेवाला

khaskhabar.com: रविवार, 27 सितम्बर 2026 5:41 PM (IST)
जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से लड़ें : रणदीप सुरजेवाला
फरीदाबाद। हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक संवाद एवं ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन के तहत फरीदाबाद में आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। *लोकतंत्र की नींव कमजोर करने वाले हथकंडों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा : संजय दत्त* हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट हो चुका है कि मौजूदा सरकार सत्ता हासिल करने के लिए किस तरह के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की जीत जनता के जनादेश का परिणाम नहीं, बल्कि चुनावी धांधली, हेराफेरी और बेईमानी का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त पर ही चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों में भूमिका निभाने के आरोप लगाए जा रहे हों, तो इससे देश के महान लोकतंत्र की नींव और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
संजय दत्त ने कहा कि आज हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि धर्म के नाम पर लिए जाने वाले चंदे को लेकर भी घोटाले और चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म के नाम पर चंदे की कथित चोरी और सत्ता हासिल करने के लिए वोट की कथित चोरी—भाजपा की कार्यप्रणाली का हिस्सा बन गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के अधिकारों, सम्मान और हितों के लिए संघर्ष करती आई है। देश की आजादी से लेकर आज तक भारत को विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे ले जाने तथा उसे दुनिया के अग्रणी देशों की कतार में खड़ा करने में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी कार्यकर्ता स्वयं को कमजोर न समझे। प्रत्येक कार्यकर्ता देश के एक विशाल और ऐतिहासिक संगठन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमर कसकर पूरी ताकत और समर्पण के साथ जनता के बीच उतरना होगा तथा भाजपा सरकार की नीतियों और कथित जनविरोधी कार्यप्रणाली की वास्तविकता लोगों के सामने रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि जनता को यह बताने की जरूरत है कि किस प्रकार सत्ता हासिल करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं और सत्ता में आने के बाद महंगाई तथा विभिन्न प्रकार के करों के बोझ से आम आदमी की जेब पर लगातार दबाव बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने यूपीआई शुल्क का उल्लेख करते हुए इसे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का एक नया तरीका बताया।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी व्यक्ति या वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनविरोधी नीतियों और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास के खिलाफ अपना संघर्ष पूरी मजबूती के साथ जारी रखेंगे।
*संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से कांग्रेस जनहित के संघर्ष को देगी नई धार : राव नरेंद्र सिंह*हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता से सीधे जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आपसी एकजुटता और अनुशासन के साथ जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाना होगा। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संगठनात्मक संवाद अभियान के माध्यम से पार्टी का नेतृत्व लगातार कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहा है। इसका उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करना और जनता के संघर्षों को पार्टी के आंदोलन से जोड़ना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करें तथा आने वाले समय में कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लेकर गांव, वार्ड, बूथ और घर-घर तक पहुंचें।
*जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से लड़ें : रणदीप सुरजेवाला*सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा की लड़ाई में हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बने और उनके अधिकारों से जुड़े सवालों को पूरी मजबूती के साथ उठाए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा और जनता की आवाज को सम्मान देना भी लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इन मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करना होगा।
सुरजेवाला ने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं से आती है और जब कार्यकर्ता जनता के बीच मजबूती से खड़ा होता है तो जनहित के मुद्दों को नई शक्ति मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर जनता से संवाद करें तथा उनके मुद्दों को मजबूती से सामने लाएं।
सम्मेलन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता लखन सिंगला,ब्लॉक अध्यक्ष खुशबू खान, सुमित गौड़, नितिन सिंगला, पुनीत शेरावत, सविता चौधरी, सोनू चौधरी, रचना भसीन, फिरे पोसवाल, वरिंदर तेवतिया, डॉ. ऋषि पाल, मयंक चौधरी, दीपक चौधरी, डालचंद डागर, मंसाराम गुर्जर, मुकेश डागर, चंद्रपाल सिंह, रविंद्र बैसला, सुंदर नेताजी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement