Congress Bharat Jodo Yatra reached Hoshiarpur, Rahul will hold press conference on 17th, rally will be held in Pathankot on 19th-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 20, 2024 4:33 pm
Location
Advertisement

होशियारपुर पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, राहुल 17 को करेंगे प्रेस कांफ्रेंस, 19 को पठानकोट में होगी रैली

khaskhabar.com : सोमवार, 16 जनवरी 2023 8:52 PM (IST)
होशियारपुर पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, राहुल 17 को करेंगे प्रेस कांफ्रेंस, 19 को पठानकोट में होगी रैली
जालंधर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को जालंधर के आदमपुर के काला बकरा से शुरू हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग यात्रा में शामिल हुए। आज यात्रा के लिए महिला दिवस था। राहुल गांधी के साथ अधिकांशतः महिलाएं चलीं। सुबह के सत्र में मुख्य रूप से 4 ग्रुप राहुल गांधी के साथ चले। पहले समूह में वायु सेना के भूतपूर्व फाइटर पायलट राजीव त्यागी राहुल गांधी के साथ चले। दोनों के बीच मिग-21 और अन्य फाइटर जेट्स समेत कई विषयों पर बातचीत हुई। इस दौरान राहुल गांधी ने राजीव त्यागी से दो सवाल पूछे। रूस के पास इतने अच्छे फाइटर जेट्स बनाने की क्षमता कैसे है और ड्रोन को हथियार के रूप में युद्ध के समय कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है। दोनों के बीच काफी देर तक चर्चा हुई।
दूसरा ग्रुप वकीलों और रिसर्चर्स का था, जिन्होंने मुख्यत: घुमंतू प्रजातियों से जुड़े मुद्दों पर बात की। इन्होंने घुमंतू प्रजातियों के ख़िलाफ़ होने वाले अपराधों से राहुल गांधी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश काल से उन पर अपराधी होने का जो ठप्पा लगा है वह आज भी जारी है। आज भी इन्हें आदतन अपराधी माना जाता है। हाल के वर्षों में जनगणना न होने की वजह से इनकी आबादी का वास्तविक आंकड़ा भी सरकार के पास नहीं है। जब सरकार के पास इनकी आबादी का डाटा ही नहीं है तो इनके लिए नीतियां कैसे बनेंगी। बातचीत में इस समुदाय के ख़िलाफ़ पुलिस की ज्यादती का मुद्दा भी उठा। उन्होंने राहुल गांधी को बताया कि इनके घर में यदि शादी भी होती है तो उन्हें थाने में बताना पड़ता है। ऐसा न करने पर पुलिस मानती है कि ज़्यादा लोग इकट्ठा हैं तो कोई क्राइम कर रहे हैं। बातचीत के दौरान जाति व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से कमज़ोर वर्गों को सशक्त करने के लिए प्रयासरत रही है। एससी-एसटी एक्ट और जमींदारी उन्मूलन इसके उदाहरण हैं।
तीसरा समूह मनरेगा श्रमिकों का था। इन लोगों ने मनरेगा में कार्य दिवस बढ़ाने और न्यूनतम मज़दूरी की मांग की। इस दौरान बेरोज़गारी का मुद्दा भी उठा। इन लोगों ने मोदी सरकार द्वारा मनरेगा के बजट को घटाने पर भी चिंता जाहिर की। चौथे समूह में अरुणाचल प्रदेश की महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष जर्जुम ऐटे राहुल गांधी के साथ चलीं। इनसे राहुल गांधी ने अरुणाचल में होने वाली चीनी घुसपैठ और राज्य की गतिविधियों पर बात की। वहीं जर्जुम ने नॉर्थईस्ट को भारत जोड़ो यात्रा से जोड़ने के लिए कहा।
सुबह 11:30 बजे कांग्रेस सांसद एवं पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार एवं अन्य नेताओं ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर कन्हैया कुमार ने कहा कि एक बात आज हर जगह सुनने को मिल रही है कि संघ राहुल गांधी के ख़िलाफ़ कुछ नहीं बोल रहा है तो राहुल गांधी बार-बार आरएसएस के ख़िलाफ़ क्यों बोल रहे हैं। कन्हैया ने कहा कि यह भ्रम की स्थिति पैदा की गई है। आरएसएस और बीजेपी में कोई फ़र्क नहीं है। ऐसा नहीं होता है कि हम गुड़ खाएं और गुलगुले से परहेज करें। बीजेपी जो हमला कर रही है वो आरएसएस ही करवा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि जब राम मंदिर के पुजारी ने भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया तो हमने उनका स्वागत किया। हमारे मन में किसी के प्रति नफ़रत या द्वेष नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा के दरवाज़े सबके लिए खुले हैं। जो लोग भी इस देश से प्यार करते हैं, इस देश के संविधान में जिन्हें भरोसा है, जो विविधता और एकता तथा विविधता की एकता का सम्मान करते हैं, आपसी भाईचारे की भावना को सही मानते हैं, देश से प्यार करते हैं, वो सभी लोग इस यात्रा में आ सकते हैं।
कन्हैया ने आगे कहा कि यह सवाल जो उठता है कि आरएसएस राहुल गांधी के ख़िलाफ़ नहीं बोल रही है तो राहुल उसके ख़िलाफ़ क्यों बोल रहे हैं, तो हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि बीजेपी और आरएसएस अलग अलग नहीं है। आरएसएस जड़ है बीजेपी उसका फल है। वह भले ही कहते हों कि सांस्कृतिक संगठन है, लेकिन उनकी पूरी की पूरी विचारधारा राजनीति पर आधारित है। हम यहां स्पष्ट करना चाहते हैं कि धर्म देश का है, सांप्रदायिकता नहीं है। आरएसएस धर्म के प्रतीकों का इस्तेमाल करके सांप्रदायिक राजनीति कर रही है, उसका धर्म से कोई लेना देना नहीं है। आज धर्म के प्रतीकों इस्तेमाल करके रोजी, रोटी, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे मुद्दों को पीछे कर दिया जाता है। यह अंग्रेजों के समान चाल है जिसे हमें समझना होगा। कन्हैया ने आगे कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्यों के रूप में, हमें गर्व है कि हमने इस देश को स्वतंत्रता हासिल करने में मदद करने के लिए अंग्रेजों के ख़िलाफ़ संघर्ष किया है। कदम दर कदम ठोकर खाकर खड़ा होने के बाद देश आज इस मुकाम पर पहुंचा है। एक व्यक्ति जो कहता था कि वह चाय बेचता था, वह संविधान के आधार पर ही देश का प्रधानमंत्री बना है।
उन्होंने आगे कहा कि संविधान सर्वोच्च है, और इसका सम्मान करना हमारी पार्टी का कर्तव्य है। हम बीजेपी-आरएसएस से पूछना चाहते हैं कि वे संविधान का सम्मान करते हैं या नहीं। संविधान को बचाना और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना हमारी पार्टी की प्राथमिकता है। हमारे सभी काम संविधान के मार्गदर्शन में हो रहे हैं और हमारी सोच देश के संविधान के अनुकूल है।
इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने यात्रा के आगे के कार्यक्रमों की जानकारी दी। सबसे पहले उन्होंने कहा कि पंजाब में यात्रा को उम्मीद से ज़्यादा रिस्पांस मिला है। सोमवार सुबह जब यात्रा शुरू हुई तब तापमान 4 डिग्री था फिर भी बड़ी संख्या में लोग राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए सड़कों पर उमड़े। उन्होंने आगे बताया कि अब यात्रा होशियारपुर ज़िले में प्रवेश करेगी और रात को उड़मुड़ टांडामें विश्राम होगा। मंगलवार को यात्रा पूरे दिन चलेगी फिर मुकेरिया में स्टे होगा। उसके बाद कुछ घंटों के लिए यात्रा हिमाचल में प्रवेश करेगी और फ़िर पंजाब वापस लौट आएगी। 19 तारीख़ को 12:00 बजे के आसपास पठानकोट में बड़ी रैली होगी, जिसे राहुल गांधी संबोधित करेंगे। उसके बाद यात्रा 6 किलोमीटर का सफर तय करते हुए जम्मू में प्रवेश कर जाएगी।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री के रोड शो पर तंज किया। उन्होंने कहा - पीएम मोदी बहुत ज़्यादा 3-4 किलोमीटर ही चल सकते हैं, वो भी फोटो खिंचवाने के लिए। रोड शो तो कई तरह के होते है। रोड शो इनोवा में भी होता है लेकिन भारत जोड़ो यात्रा पदयात्रा है और मैं नहीं जानता हूं कि प्रधानमंत्री आज पदयात्रा करेंगे या नहीं। रमेश ने यह भी पूछा कि क्या प्रधानमंत्री मास्क पहनकर चलेंगे क्योंकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की ओर से राहुल गांधी को कोरोना के लिए चिट्ठी लिखकर भारत जोड़ो यात्रा को भटकाने का प्रयास किया गया था।
दोपहर में राहुल गांधी ने दलित चिंतन के पुरोधा और देश के महान नेता कांशीराम की बहन स्वर्ण कौर से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ कांशीराम फाउंडेशन के चेयरमैन लखबीर सिंह भी मौजूद रहे। स्वर्ण कौर ने राहुल गांधी से कहा - कांशीराम जी ने 50 साल की उम्र में साइकिल यात्रा निकाली थी। आपकी भारत जोड़ो यात्रा सफल हो यही हमारी कामना है।
यात्रा के शाम के सत्र में भी बड़ी संख्या में लोग यात्रियों के स्वागत के लिए उमड़े। उड़मुड़ टांडा तक की यात्रा के दौरान मुख्य रूप से दो समूह राहुल गांधी के साथ चला। पहले समूह में इतिहासकार एस इरफान हबीब थे जिन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के जो मुद्दे हैं, वो आज बहुत ज़रूरी हैं। चाहे वो प्यार मोहब्बत की बात हो, नफ़रत के ख़िलाफ़ लड़ाई हो, बेरोज़गारी का मुद्दा हो या अन्य जो भी मुद्दे हैं वो सभी बहुत प्रासंगिक हैं। इसके अलावा नेहरू और भगत सिंह तथा सुभाष चंद्र बोस को लेकर भी दोनों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। हबीब ने कहा कि आज भगतसिंह के शहादत की बात तो होती है लेकिन उनकी जो बौद्धिक विरासत है उसकी कोई बात नहीं करता। शाम की यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने वाला दूसरा समूह पंजाब की महिला एक्टिविस्ट्स का था। इन लोगों ने राजनीति में महिलाओं के अधिकार, आपसी सहमति से शादी के बाद होने वाली पारिवारिक - सामाजिक प्रताड़ना और अन्य मुद्दों पर बात की।
शाम में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर राजनीतिक हमला किया। राहुल गांधी ने कहा कि भगवंत मान को किसी के ‘रिमोट कंट्रोल’ से संचालित नहीं होना चाहिए, उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए। राहुल ने ये भी कहा कि पंजाब में कानून का बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/7
Advertisement
Khaskhabar Punjab Facebook Page:
Advertisement
Advertisement