Advertisement
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आधिकारिक लोगो, मैस्काट, एंथम, टॉर्च और जर्सी को किया लाँच

उन्होंने कहा कि आने वाले भविष्य में इन गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ी भारत के पदक विजेता खिलाड़ी होंगे। इन खेलों में अनुशासन हिम्मत और मेहनत से ही खिलाड़ी पहुंचे हैं। यह अनुशासन खेल में ही नहीं हर क्षेत्र में रखा जाए तो उपयोगी साबित होगा। आज 12 नवंबर 2025 को लोगो, टॉर्च, मैस्कॉट, जर्सी और एंथम का अनावरण किया गया। राजस्थान में खिलाड़ियों के लिए पलक पावणे बिछाए जा रहे हैं और उनको इस शानदार आयोजन के लिए हम तैयार कर रहे हैं। देश भर से आने वाले खिलाड़ियों के राज्य में स्वागत के लिए मैस्कॉट खम्मा घणी पूरी तरह तैयार हैं।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 की मेजबानी राजस्थान के लिए गर्व का क्षण है। यह आयोजन न केवल हमारी धरोहर का उत्सव होगा बल्कि युवा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। सात शहरों में फैले इन आयोजनों के माध्यम से हम पूरे देश से आए खिलाड़ियों का स्वागत एक भव्य खेल महोत्सव में करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज लॉन्च की गई पहचान राजस्थान के हृदय को दर्शाती है — साहस, रंग और संस्कृति की भूमि। इन खेलों के माध्यम से हमारे युवा अपनी प्रतिभा और शक्ति को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करेंगे। सभी शहर पूरे उत्साह के साथ तैयारी में जुटे हैं ताकि KIUG राजस्थान 2025 आयोजन और आतिथ्य के मामले में एक नई मिसाल बने।
खेलों के शुभंकर “खम्मा” और “घणी”
ये शुभंकर राज्य के राजकीय पशु ऊँट और पारंपरिक अभिवादन “खम्मा घणी” से प्रेरित हैं। ये राजस्थान की गर्मजोशी, दृढ़ता और आतिथ्य भावना के प्रतीक हैं, जो पूरे देश से आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करते हैं।
राजस्थान की विरासत से प्रेरित विज़ुअल पहचान:- नया लोगो राजस्थान की आत्मा को समेटता है:
* हवा महल शाही सौंदर्य और स्थापत्य कला का प्रतीक है
* रणथंभौर किला साहस, गर्व और अडिग शक्ति का प्रतीक है
* विंडमिल्स राज्य की प्रगतिशील सोच और सतत विकास की भावना को दर्शाती हैं
* रेतीले टीले (सैंड ड्यून्स) मरुस्थलीय सुंदरता और विशालता के प्रतीक हैं
ये सभी तत्व परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम हैं, जो KIUG राजस्थान 2025 की युवा ऊर्जा और प्रगतिशील सोच को दर्शाते हैं। इसके विज़ुअल डिज़ाइन में राजस्थान की प्रसिद्ध स्थापत्य शैली को गतिशील खेल आकृतियों के साथ जोड़ा गया है, और जयपुर की पहचान “गुलाबी रंग” के जीवंत शेड्स से इसे सजाया गया है।
राजस्थान की आत्मा का उत्सव
खेलों की मशाल का डिज़ाइन राज्य के किलों और मरुस्थलीय रूपों से प्रेरित है, जो युवाओं की अनन्त ऊर्जा और उत्कृष्टता की लौ का प्रतीक है। आधिकारिक जर्सियाँ खेलों की रंग योजना में तैयार की गई हैं, जो जोश, एकता और गौरव का प्रतिनिधित्व करती हैं।
एंथम, विशेष रूप से KIUG राजस्थान 2025 के लिए तैयार किया गया है, जो खेल भावना, विविधता और राष्ट्रीय गर्व का जश्न मनाता है। इसका संदेश है —
“चलो आगे बढ़ो राजस्थान, जीत लो सारा हिन्दुस्तान” — जो पूरे भारत को साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। इसकी प्रस्तुति प्रसिद्ध गायक स्वरूप ख़ान ने दी।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान 2025 का आयोजन 24 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक किया जाएगा। खेलों के आयोजन स्थल होंगे — जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर। यह पहली बार है जब राजस्थान इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी कर रहा है, जो युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल है और देश के उत्कृष्ट विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करती है।
करीब 200 विश्वविद्यालयों के 7,000 से अधिक खिलाड़ी 24 खेल विधाओं में भाग लेंगे, जिनमें 23 पदक खेल और एक प्रदर्शन इवेंट शामिल है। इस वर्ष कैनोइंग, कायाकिंग, साइक्लिंग और बीच वॉलीबॉल को पहली बार शामिल किया गया है, जो भारतीय विश्वविद्यालय खेलों की विविधता और बढ़ते दायरे को दर्शाता है।
यह 12 दिवसीय मल्टी-स्पोर्ट आयोजन प्रसार भारती (दूरदर्शन) के माध्यम से देशभर के चैनलों पर सीधा प्रसारित किया जाएगा, जिससे लाखों दर्शक इस खेल महोत्सव का हिस्सा बनेंगे। राज्य और ज़िला स्तर पर समन्वय समितियाँ गठित की गई हैं ताकि आयोजन सुचारू और प्रभावी रूप से सम्पन्न हो सके। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर के खेल परिसर शीर्ष स्तर की विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए तैयार हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features



