CM Hemant said on BJPs ruckus in Jharkhand assembly, the dignity of the house was destroyed-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 20, 2024 1:49 pm
Location
Advertisement

झारखंड विधानसभा में भाजपा के हंगामे पर सीएम हेमंत बोले, सदन की गरिमा तार-तार हुई

khaskhabar.com : बुधवार, 22 मार्च 2023 2:24 PM (IST)
झारखंड विधानसभा में भाजपा के हंगामे पर सीएम हेमंत बोले, सदन की गरिमा तार-तार हुई
रांची। झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों के हंगामे और एक विधायक द्वारा सदन में कुर्ता फाड़कर किए गए प्रदर्शन पर सत्ता पक्ष की ओर से तल्ख प्रतिक्रिया आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हंगामे को भाजपा की नौटंकी करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों ने सदन की गरिमा तार-तार कर दी है। वहीं स्पीकर रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि जिन सदस्यों ने सदन की गरिमा के प्रतिकूल आचरण किया है, उस पर जांच कराई जाएगी।

बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष के विधायकों ने मंगलवार को सदन में भाजपा विधायकों के आचरण को शर्मनाक बताते हुए विरोध जताया।

कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि देश-राज्य में महिलाओं का सम्मान खत्म किया जा रहा है। विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि कल भाजपा विधायक मनीष जायसवाल ने उन्हें बांग्लादेशी कह दिया। वे फर्जी रामभक्त हैं।

कल मनीष जायसवाल ने सदन में कुर्ता फाड़ा था। आज धोती पहनकर आए हैं। क्या वह धोती भी फाड़ेंगे? यह आचरण गलत है। इसपर कार्रवाई होनी चाहिए। इसपर स्पीकर ने कहा कि वे इसकी जांच कराएंगे।

इधर, विपक्ष भाजपा के हंगामे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लोकसभा आज के दिन ठप है। पहली बार हो रहा है कि सत्ता पक्ष ने ही लोकसभा को बाधित कर रखा है। झारखंड में भी ये लोग ऐसा ही आचरण कर रहे हैं। वे विधानसभा में कपड़े फाड़कर खुद के रामभक्त होने का दावा कर रहे हैं। कपड़े फाड़ना, तरह-तरह का रूप धारण करना ही इनकी नियति है। इनपर सवाल उठ रहे हैं। सवालों से बचने के लिए ये नौटंकी करते हैं।(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement