Child Kidnapped in Ballia: Accused Injured in Police Encounter, Child Rescued Safely-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 15, 2026 3:52 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बलिया में बच्चे का अपहरण : पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल, मासूम सकुशल बरामद

khaskhabar.com: मंगलवार, 16 दिसम्बर 2025 10:48 AM (IST)
बलिया में बच्चे का अपहरण : पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल, मासूम सकुशल बरामद
बलिया । उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक मासूम बच्चे के अपहरण और उसे बेचने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उभांव थाना पुलिस देर रात सहारनपुर के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह रुकने के बजाय भागने लगा और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल आरोपी से पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद जैद उर्फ सलमान बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बीते 11 दिसंबर को एक तीन साल के बच्चे का अपहरण किया था और उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है।
घटनास्थल से पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक बलिया, दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया था। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में वह व्यक्ति घायल हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद जैद उर्फ सलमान के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement