Chants of Har-Har Mahadev Resonate During the 6th Panch Mahadev Dhwaj Padyatra-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 13, 2026 5:59 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

छठी पंच महादेव ध्वज पदयात्रा में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

khaskhabar.com: रविवार, 06 सितम्बर 2026 12:22 PM (IST)
छठी पंच महादेव ध्वज पदयात्रा में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
दौसा। छठी पंच महादेव ध्वज पदयात्रा रविवार को सोमनाथ महादेव मंदिर से धूमधाम और भक्तिमय माहौल के बीच रवाना हुई। सुबह ध्वज पूजन व आरती के बाद गाजे बाजे व शाही लवाजमे के साथ पदयात्रा रवाना हुई। इस दौरान देव नगरी भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। यात्रा आगरा रोड, गांधी तिराहा, नागौरी पुलिया, बरकत तिराहा, गुप्तेश्वर दरवाजा और गुप्तेश्वर रोड होते हुए पुराने शहर से निकली। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। हाथों में भगवान शिव की ध्वजा थामे श्रद्धालु पूरे रास्ते 'बोल बम-बम लहरी' और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
पदयात्रा कासबसे बड़ा आकर्षण करीब 10 फीट ऊंचे रथ पर सवार शिव पार्वती की भव्य झांकी रही। उनके आगे भूत-पिशाच और अघोरियों की वेशभूषा में कलाकारों की मंडली ने एक से बढ़‌कर एक करतब और धार्मिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को रोमांच और भक्ति से भर दिया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोग झांकियों को देखने के लिए उमड़ पड़े।
इस बीच सोमनाथ, सहजनाथ, गुप्तेश्वर, बैजनाथ महादेव मंदिरों में क्रमशः ध्वज चढाए गए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों की ओर से पदयात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। बैंड-बाजों और डीजे पर गूंजते शिव भक्ति गीतों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते हुए चलते रहे।
अंत में श्रद्धालु 365 सीढ़ियां चढ़कर पहाड़ी पर विराजमन नीलकंठ महादेव के दरबार में पहुंचे, जहां ध्वज अर्पण के बाद पदयात्रा का विधिवत समापन हुआ। इस दौरान भंडारे में हजारों लोगों ने पंगत प्रसादी ग्रहण की।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement