Advertisement
लालसोट समाचार : लालसोट में बृजमोहन सैनी, रामगढ़ पचवारा में मोहनलाल सोनी और मंडावरी में रेनू गुप्ता उपाध्यक्ष निर्वाचित

रामगढ़ पचवारा में मोहनलाल सोनी विजयी
रामगढ़ पचवारा नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल सोनी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्हें 15 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी रमेश सैनी को 4 मत प्राप्त हुए। एक मतदाता ने दोनों प्रत्याशियों में से किसी को पसंद नहीं करने के कारण नोटा का प्रयोग किया। इस तरह मोहनलाल सोनी ने 10 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
मंडावरी में रेनू गुप्ता बनीं उपाध्यक्ष
मंडावरी नगर पालिका में कांग्रेस प्रत्याशी रेनू गुप्ता ने भाजपा प्रत्याशी घनश्याम मीणा को 6 मतों के अंतर से हराया। रेनू गुप्ता को 13 तथा घनश्याम मीणा को 7 मत मिले। रेनू गुप्ता को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
सुरक्षा के बीच हुआ मतदान
लालसोट नगर परिषद में उपसभापति चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सबसे पहले भाजपा के पार्षद मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा पार्षद कमलेश सैनी आउट ऑफ स्टेशन होने के कारण मतदान समाप्ति से करीब आधा घंटा पहले पहुंचे और मतदान किया।
कांग्रेस की ओर से पार्षद रक्षा मिश्रा ने सबसे पहले मतदान किया। इसके बाद कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षद मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भाजपा के 12 पार्षदों के साथ एक निर्दलीय पार्षद ने मतदान किया, जबकि कांग्रेस के 18 पार्षदों के साथ चार निर्दलीय पार्षदों ने मतदान किया।
रिटर्निंग अधिकारी विजेंद्र मीणा ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतगणना कराई गई। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी बृजमोहन सैनी को 22 और भाजपा प्रत्याशी जेपी सैनी को 13 मत मिले। इस प्रकार बृजमोहन सैनी को 9 मतों से विजयी घोषित किया गया।
जीत की सूचना मिलते ही समर्थकों में उत्साह
बृजमोहन सैनी की जीत की सूचना मतदान केंद्र के बाहर पहुंचते ही समर्थकों की भीड़ जुट गई। समर्थकों ने नारे लगाकर खुशी जताई और नवनिर्वाचित उपसभापति का फूलमालाओं से स्वागत किया। समर्थक उन्हें कंधों पर उठाकर भी नजर आए।
इस दौरान नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित तथा नवनिर्वाचित उपसभापति बृजमोहन सैनी ने महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। समर्थकों ने जीत पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
*शिक्षा सुविधाओं को मिली मजबूती, श्यामपुरा कला स्कूल में* *तीन नए कक्षा-कक्षों का लोकार्पण*
*विधायक बोले- विद्यालय में संसाधनों की कमी नहीं आने देंगे,*
लालसोट। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यामपुरा कला में मंगलवार को विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। विद्यालय परिसर में विधायक कोष से निर्मित दो तथा सांसद कोष से निर्मित एक नवीन कक्षा-कक्ष का समारोहपूर्वक लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक रामविलास मीणा रहे। विशिष्ट अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा एवं पंचायत समिति सदस्य रामखिलाड़ी मीणा रहे, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रशासक काली देवी मीणा ने की।
समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष बलराम बैरवा, सरपंच प्रतिनिधि हरिनारायण मीणा, रामगढ़ पचवारा मंडल अध्यक्ष फूल मीणा, ग्राम पंचायत झांपदा के प्रशासक प्रीतम सिंह, पार्षद राधेश्याम मीणा, रेवड़ मल मीणा, बाबूलाल पांचाल सहित एसडीएमसी सदस्य, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा ने विद्यार्थियों को नियमितता, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए गत वर्ष बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थी अमित कुमार मीणा द्वारा जिले में प्रथम तथा राजस्थान में चौथा स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय परिवार को बधाई दी।
विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षा-कक्ष उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामविलास मीणा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता विनोद कुमार मीणा ने किया। लोकार्पण समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
दौसा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


