BJP must shed its arrogance and listen to students voices; mistreatment of Rahul Gandhi is another instance of the Modi governments dictatorial attitude: Tikaram Jully -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Aug 10, 2026 3:34 pm
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भाजपा अपना अहंकार छोड़कर छात्रों की आवाज़ सुने, राहुल गांधी से दुर्व्यवहार मोदी सरकार के तानाशाहीपूर्ण रवैये की एक और कड़ी : टीकाराम जूली

khaskhabar.com: बुधवार, 22 जुलाई 2026 8:59 PM (IST)
भाजपा अपना अहंकार छोड़कर छात्रों की आवाज़ सुने, राहुल गांधी से दुर्व्यवहार मोदी सरकार के तानाशाहीपूर्ण रवैये की एक और कड़ी : टीकाराम जूली
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा को अपना अहंकार छोड़कर देश और प्रदेश के छात्रों की आवाज़ को गंभीरता से सुनना चाहिए। युवाओं और छात्रों के न्यायपूर्ण मुद्दों से मुँह मोड़कर सत्ता के बल पर उन्हें दबाने की कोशिशें पूरी तरह तानाशाहीपूर्ण हैं। जूली ने अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मालाखेड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। वहीं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के चिकानी में विरोधस्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सभाओं में दावा करते थे कि उनके समय पेपर लीक नहीं होंगे, लेकिन हकीकत सबके सामने है। राजस्थान में सीकर और अन्य स्थानों का नाम पेपर लीक में आना बेहद चिंताजनक है।
इस दौरान शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो,पेपर माफिया पर कार्रवाई करो और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो के नारे गूंजे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि नीट-2026 का पेपर राजस्थान में लीक हुआ और राज्य सरकार ने 9 दिन तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि पिछले तीन साल से लगातार नीट का पेपर लीक हो रहा है और पिछले 12 सालों में 90 पेपर लीक हो चुके हैं।
जूली ने बुधवार को जयपुर में भाजपा द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर निकाले गए पैदल मार्च पर तंज कसते हुए कहा कि शायद भाजपा नेता यह भूल चुके हैं कि वे सत्ता में हैं, विपक्ष में नहीं। छात्रों की आवाज़ और उनकी वाजिब माँगों का समर्थन कर रही मुख्य विपक्षी पार्टी के खिलाफ भाजपा का इस तरह सड़कों पर उतरना अत्यंत निंदनीय और हास्यास्पद है। सत्ता पक्ष का काम जनता और छात्रों की समस्याओं का समाधान करना होता है, न कि विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि मंगलवार को दिल्ली में जिस तरह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ दुर्व्यवहार और बलप्रयोग किया गया, वैसा शर्मनाक घटनाक्रम देश के लोकतांत्रिक इतिहास में कभी नहीं देखा गया। कांग्रेस पार्टी देश के छात्रों और युवाओं के अधिकारों, उनके भविष्य और उनकी आवाज़ को हर मंच पर पूरी मजबूती से उठा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर भाजपा सरकार युवाओं के इतने खिलाफ क्यों है और उनके मुद्दों पर सुनवाई करने के बजाय अहंकार क्यों दिखा रही है?
जूली ने आगे कहा कि असलियत यह है कि भाजपा सरकार युवाओं के उबलते आक्रोश और राहुल गांधी के निडर नेतृत्व से बुरी तरह घबराई हुई है। इसी बौखलाहट में विपक्ष और छात्रों की आवाज़ को दबाने के लिए लगातार असंवैधानिक रणनीतियों का सहारा लिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी भाजपा की इस हठधर्मिता और तानाशाही की कड़े शब्दों में निंदा करती है और यह साफ करती है कि छात्रों व जनता के हक की लड़ाई किसी भी दबाव या दमनकारी कदम से नहीं रुकेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement