Advertisement
दो साल का हिसाब दे भाजपा सरकार, 20 चुनावी वादों पर जारी करे श्वेतपत्र : कुमारी सैलजा

सांसद ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपए देने का वादा किया था। सरकार बताए कि वर्तमान में कितनी महिलाओं को यह राशि मिल रही है, कितनी महिलाएं इसके लिए पात्र हैं और शेष पात्र महिलाओं को कब तक इसका लाभ मिलेगा। इसी तरह प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की घोषणा पर भी सरकार को बताना चाहिए कि कितने परिवारों को वास्तविक स्वास्थ्य कवरेज मिला और कितने मरीज लाभान्वित हुए।
दो लाख सरकारी नौकरियों और रोजगार का हिसाब मांगा
युवाओं के मुद्दे पर सैलजा ने कहा कि भाजपा ने दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां और पांच लाख अन्य रोजगार के अवसर देने का वादा किया था। सरकार बताए कि अब तक कितनी नियमित नियुक्तियां हुईं और कितने नए रोजगार सृजित किए गए। कितने युवाओं को अप्रेंटिसशिप स्टाइपेंड मिला और हरियाणा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं आधुनिक कौशल शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में कितने प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए।
24 फसलों की एमएसपी खरीद और आवास योजना पर सवाल
कुमारी सैलजा ने किसानों के मुद्दे पर कहा कि भाजपा ने 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद का वादा किया था। सरकार प्रत्येक फसल की खरीद, लाभान्वित किसानों की संख्या और भुगतान का पूरा विवरण सार्वजनिक करे।
उन्होंने पांच लाख शहरी एवं ग्रामीण आवास उपलब्ध कराने की घोषणा पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि अब तक कितने मकान स्वीकृत हुए, कितने बनाए गए और कितने लाभार्थियों को सौंपे गए हैं।
गैस सिलेंडर, स्कूटी और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी मांगा ब्योरा
सैलजा ने कहा कि दस आधुनिक औद्योगिक शहर विकसित करने की घोषणा पर कितना काम हुआ और इससे कितना निवेश आया, इसकी जानकारी दी जाए। बीपीएल एवं अंत्योदय परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की योजना से कितने परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रामीण कॉलेज छात्राओं को कितने स्कूटर वितरित किए गए और जिलेवार लाभार्थियों की सूची कहां है।
उन्होंने सभी मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस, प्रत्येक जिले में ओलंपिक खेल नर्सरी और हरियाणवी अग्निवीरों को सरकारी नौकरी देने की गारंटी पर भी सरकार से जवाब मांगा। उनके अनुसार, सरकार को बताना चाहिए कि कितने अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है, कितनी खेल नर्सरियां संचालित हैं और कितने पात्र पूर्व अग्निवीरों को सरकारी नियुक्तियां मिली हैं।
छात्रवृत्ति, पेंशन और ओबीसी उद्यमियों के लिए योजनाओं का ब्योरा मांगा
कांग्रेस महासचिव ने 36 बिरादरियों के कल्याण बोर्ड, वैज्ञानिक फार्मूले के आधार पर सामाजिक पेंशन में वृद्धि, अनुसूचित जाति एवं ओबीसी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग शिक्षा के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति तथा ओबीसी उद्यमियों को 25 लाख रुपए तक ऋण गारंटी देने के वादों की प्रगति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इन योजनाओं के लाभार्थियों और बजट का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
रेल कॉरिडोर और अरावली सफारी पार्क पर भी मांगी प्रगति रिपोर्ट
सैलजा ने हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, वंदे भारत रेल सेवाओं, चार रैपिड रेल मार्गों, इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो और दक्षिण हरियाणा में प्रस्तावित 10 हजार एकड़ के अरावली जंगल सफारी पार्क की प्रगति पर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की मंजूरी, अब तक हुई प्रगति और इन्हें पूरा करने की समयसीमा सार्वजनिक की जानी चाहिए।
वादावार श्वेतपत्र जारी करे सरकार
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि भाजपा सरकार अपने दो वर्षों के कार्यकाल का वादावार श्वेतपत्र जारी करे। इसमें प्रत्येक चुनावी घोषणा की वर्तमान स्थिति, उस पर खर्च की गई राशि, लाभार्थियों की संख्या और अधूरे कार्यों को पूरा करने की समयसीमा स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस परिणाम और पारदर्शी जवाब चाहिए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
चंडीगढ़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


