Azam Khan will be Home Minister, the BJP said on Shivpal statement, SP is engaging in appeasement politics to garner the Muslim vote bank.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 9, 2026 12:22 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'आजम खान गृह मंत्री होंगे', शिवपाल के बयान पर भाजपा बोली- 'मुस्लिम वोटबैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही सपा'

khaskhabar.com: गुरुवार, 13 अगस्त 2026 1:32 PM (IST)
'आजम खान गृह मंत्री होंगे', शिवपाल के बयान पर भाजपा बोली- 'मुस्लिम वोटबैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही सपा'
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आने के बाद आजम खान को गृह मंत्री बनाने के शिवपाल सिंह यादव के वादे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तीखी प्रतिक्रिया दी है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है, लेकिन मुस्लिम वोटबैंक जुटाने के लिए शिवपाल यादव तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने बयान में कहा, "समाजवादी पार्टी का हिंदू-विरोधी रवैया, अपराधियों और दंगाइयों का समर्थन करने की उसकी आदत और गुंडों को बचाने का उसका रिकॉर्ड साफ है। शिवपाल सिंह यादव, कथित तौर पर अपने भतीजे अखिलेश यादव के कहने पर संभल जाते हैं और कहते हैं कि दंगाइयों के खिलाफ मामले वापस ले लिए जाएंगे। फिर वे रामपुर जाते हैं और आजम खान से मिलते हैं। उनको गंभीर मामलों में सजा मिली है और चुनाव लड़ने की भी हैसियत नहीं बची है। उन्हें सपा की सरकार बनने पर गृह मंत्री बनाने की बात करते हैं। यही उनका चरित्र है और जनता सब देख रही है।" मौर्य ने आगे कहा, "अभी समाजवादी पार्टी की सरकार बनने वाली नहीं है, लेकिन मुस्लिम वोटबैंक जुटाने के लिए वे तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं और गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का संदेश दे रहे हैं। यह प्रदेश की जनता को बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश सुशासन के पथ पर आगे बढ़ रहा है।"
वहीं, भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "हमको तो सपना कुछ और आया है। समाजवादी पार्टी लगता है कि दिन में सपना देख रही है। एक कहावत है ना 'न नौ मन तेल होगा, ना सपा सरकार बनाएगी।' मतलब उसका आशय कुछ और था। मैं समझता हूं कि जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में पूरे प्रदेश का वातावरण है, देश का वातावरण है, इस बार भारतीय जनता पार्टी दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। इसलिए इस प्रकार की बातों का ना तो कोई जवाब है और ना ही इस प्रकार के सपनों का कोई उत्तर है। सपने सपने होते हैं। जो वास्तविकता है वो यही है कि बीजेपी की सरकार पहले से ज्यादा बड़े बहुमत से बनने जा रही है।"
मंत्री दया शंकर मिश्र ने कहा, "यह उनका ख्यालि पुलाव है। उत्तर प्रदेश की जनता पूरे दिल से डबल-इंजन सरकार के साथ है। उत्तर प्रदेश में जातियों के नाम पर समाज को बांटने वाले लोग सत्ता का ख्याव देख रहे हैं। उन्हें कभी सत्ता नहीं मिलेगी। वे मंत्रालय बांट लें और मंत्री नियुक्त कर लें, लेकिन उनके सपने अधूरे ही रहेंगे। वे कभी सच नहीं होंगे।"
शिवपाल यादव के बयान पर भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने कहा, "एक कहावत है- 'अपना कुछ था नहीं और गांव को चले बयाना बांटने'। समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव की स्थिति सबको पता है। सब जानते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा वहां किसी और की कोई बात नहीं चलती। अब मुस्लिम वोटबैंक को अपने पाले में रखने के लिए शिवपाल यादव ने आजम खान के लिए बोल दिया है, लेकिन जब आजम खान जेल में बंद थे तो कितने बार अखिलेश और शिवपाल यादव उनसे मिलने गए थे। इसलिए यह सिर्फ लोक-लुभावनी बातें हैं।"
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है और अपने 'एमवाई' समीकरण को ध्यान में रखकर शिवपाल यादव अभी मुस्लिमों को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement