An educated person makes an important contribution in the creation and development of a better society: District Collector-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 7, 2026 12:27 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शिक्षित व्यक्ति बेहतर समाज के निर्माण और विकास में देता है अहम योगदान : जिला कलक्टर

khaskhabar.com: सोमवार, 08 सितम्बर 2025 3:45 PM (IST)
शिक्षित व्यक्ति बेहतर समाज के निर्माण और विकास में देता है अहम योगदान : जिला कलक्टर
झालावाड़। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अन्तर्गत 59वां अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का जिला स्तरीय समारोह सोमवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में अम्बेडकर भवन में आयोजित किया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि जिस प्रकार पहले के समय में शस्त्रों का महत्व होता है और सशस्त्र व्यक्ति को ही ज्ञानी और बलशाली माना जाता था उसी प्रकार वर्तमान में साक्षरता का बहुत अधिक महत्व है। शिक्षित व्यक्ति बेहतर समाज के निर्माण और विकास में अहम योगदान देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्राप्त करने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने अधिक उम्र में शिक्षा प्राप्त करने वाले लनर्स से कहा कि अपने पढ़ने के जज्बे का कायम रखते हुए अपने गांव व कस्बों में प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने हेतु जागरूक करें। आपका प्रयास होना चाहिए कि आज के समाज में कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने साक्षरता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बारे में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से बच्चों को शिक्षा के महत्व को जानने का अवसर मिलता है साथ ही कई अशिक्षित व्यक्ति भी शिक्षा प्राप्त करने के लिए जागरूक होते हैं।
इस मौके पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा ने कहा कि आजादी के बाद से वर्तमान समय तक साक्षरता प्रतिशत में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोकतंत्र की मजबूती में साक्षरता का महत्वपूर्ण योगदान होता है। साथ ही दैनिक क्रियाकलापों में भी शिक्षा की महत्ती आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर तक शिक्षक व स्वयं सेवी शिक्षकों के माध्यम से अशिक्षित व्यक्तियों को जागरूक कर उन्हें साक्षर करने का कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान जिला साक्षरता एवं सतत् शिक्षा विभाग के सहायक परियोजना अधिकारी शिवप्रसाद चौबदार ने अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में महिला शिक्षण विहार की बालिका कनक द्वारा राजस्थानी गीत पर एवं सुलोचना द्वारा एकल नृत्य की तथा बबली एण्ड ग्रुप द्वारा साक्षरता के महत्व पर लघु नाटिका की प्रस्तुति दी गई।
समारोह के दौरान ऐसे लनर्स जो किसी कारणवश बचपन में पढ़ाई नहीं कर सके और अब शिक्षा के महत्व को समझकर बढ़ती उम्र में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं उनको जिला कलक्टर सहित अन्य अतिथिगणों द्वारा माला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही इस दौरान लनर्स को शिक्षा प्रदान करने वाले स्वयं सेवी शिक्षक राजकुमार गुप्ता, महावीर भील, पूजा कुमारी व कृष्ण मुरारी का भी सम्मान किया गया।
समारोह में नगर परिषद् के सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक भीमसिंह जाट, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक सीताराम मीणा, एडीपीसी समसा कल्याणमल वर्मा, एडीईओ पवन पाटीदार, समाज सेवक मनोज शर्मा, उदयभान सिंह सहित महिला शिक्षण विहार की शिक्षिकाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रही। मंच संचालन पूनम रौतेला ने किया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement