A colourful world of flowers will be displayed for four days in Greater Noida, with the national bird and the tableau of Operation Sindoor enticing visitors-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 16, 2026 4:08 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

ग्रेटर नोएडा में 4 दिन तक सजेगी फूलों की रंगीन दुनिया, लुभाएंगी ऑपरेशन सिंदूर की झांकी के साथ राष्ट्रीय पक्षी की आकृतियां

khaskhabar.com: बुधवार, 25 फ़रवरी 2026 10:02 PM (IST)
ग्रेटर नोएडा में 4 दिन तक सजेगी फूलों की रंगीन दुनिया, लुभाएंगी ऑपरेशन सिंदूर की झांकी के साथ राष्ट्रीय पक्षी की आकृतियां
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिनों के लिए फूलों की रंगीन दुनिया सजने जा रही है। सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में आयोजित होने वाली भव्य पुष्प प्रदर्शनी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर इस चार दिवसीय आयोजन को विशेष रूप से आकर्षक और यादगार बनाने की योजना बनाई गई है। इस वीकेंड शहरवासी प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम का आनंद ले सकेंगे। पुष्प प्रदर्शनी में इस बार फूलों से निर्मित विशेष आकृतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। भारत माता के माथे पर तिलक लगाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर और हार्ट शेप जैसी मनमोहक आकृतियां दर्शकों को आकर्षित करेंगी। पार्क में एक लाख से अधिक मौसमी फूलों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिनकी सुगंध और रंगत पूरे वातावरण को महकाएगी। इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘कैलेंडुला’ रखी गई है।
इसी के तहत सिटी पार्क सहित शहर के प्रमुख मार्गों के 40 गोलचक्करों, 45 हरित क्षेत्रों और 17 सेंट्रल वर्ज पर कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें अब सुंदर फूल खिल चुके हैं। पहली बार इस पुष्प प्रदर्शनी में ड्रोन शो का आयोजन भी किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों की झलक भी देखने को मिलेगी।
शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। नृत्य, संगीत, कविता पाठ और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के पुनः उपयोग का संदेश भी दिया जाएगा। खानपान के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे परिवार के साथ आने वाले लोगों को पूरा मनोरंजन मिल सके। पार्क में फव्वारों को दुरुस्त कर दिया गया है और विभिन्न आकृतियों के स्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे हैं।
सबसे खास बात यह है कि प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि आयोजन की तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी और दर्शकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी के लिए खास रहेगा और इसकी सफलता में जनसहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। -आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement