A bitter war erupts between nurses and the Chief Medical Officer PMO at Dausa District Hospital-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 13, 2026 7:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दौसा जिला अस्पताल में नर्सेज और पीएमओ के बीच आर-पार की जंग : 2 घंटे कार्य बहिष्कार से मरीज बेहाल, बैकफुट पर प्रशासनिक प्रबंधन

khaskhabar.com: बुधवार, 23 सितम्बर 2026 4:43 PM (IST)
दौसा जिला अस्पताल में नर्सेज और पीएमओ के बीच आर-पार की जंग : 2 घंटे कार्य बहिष्कार से मरीज बेहाल, बैकफुट पर प्रशासनिक प्रबंधन
अस्पतालों में काली पट्टी बांधकर नारेबाजी; नर्सिंग अधीक्षक के अधिकारों में दखल का आरोप, उधर समय पर इलाज न मिलने से भटकते रहे दूर-दराज से आए मरीज दौसा। जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख चिकित्सालय सहित जिलेभर के सरकारी अस्पतालों में बुधवार को स्वास्थ्य व्यवस्थाएं उस वक्त चरमरा गईं, जब आक्रोशित नर्सेज ने काली पट्टी बांधकर 2 घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार कर दिया। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेंद्र मीणा के नेतृत्व में जुटे कर्मचारियों ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) के खिलाफ उग्र नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट स्तर से हस्तक्षेप की मांग उठाई। एक तरफ जहां नर्सेज अपने आत्मसम्मान और प्रशासनिक अधिकारों की रक्षा की दुहाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हर सुबह इलाज की उम्मीद में दूर-दराज के गांवों से आने वाले बेबस मरीजों को इस आपसी खींचतान का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
अधिकारों की जंग और मानसिक तनाव के आरोप
नर्सेज एसोसिएशन का आरोप है कि प्रमुख चिकित्सा अधिकारी का रवैया नर्सिंग स्टाफ के प्रति लगातार नकारात्मक और तानाशाही पूर्ण रहा है। पूर्व में बने गतिरोध को दूर करने के लिए गठित 5-सदस्यीय समिति की सिफारिशों को नजरअंदाज करते हुए पीएमओ ने नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय के क्षेत्राधिकार में सीधा दखल देना शुरू कर दिया है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि नर्सेज की ड्यूटी रोस्टर और वार्ड बदलने का काम पीएमओ ने खुद अपने हाथों में ले लिया है। साथ ही कर्मचारियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई और एसीआर (ACR) खराब करने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा कैडर मानसिक तनाव में है। नर्सेज की मांग है कि ड्यूटी रोस्टर व गैर-वित्तीय आदेश पूर्व की भांति नर्सिंग अधीक्षक द्वारा ही जारी किए जाएं।
अपराध किसका? अधिकारों की लड़ाई में पिसती बेबस जनता
अस्पताल प्रशासन और नर्सेज संघ के बीच चल रही इस वर्चस्व की जंग का सबसे दुखद पहलू यह है कि इसकी कीमत उन गरीब और असहाय मरीजों को चुकानी पड़ रही है, जो घंटों कतारों में खड़े रहकर इलाज का इंतजार करते हैं।
नर्सेज का असंवेदनशील रवैया: सेवा के पेशे से जुड़े नर्सेज का इस तरह कार्य बहिष्कार पर चले जाना उनकी पेशेवर संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है। हर दिन 2 घंटे काम रोकने से ओपीडी (OPD) और इमरजेंसी सेवाओं में आने वाले मरीजों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी मांगों को मनवाने के लिए मरीजों के स्वास्थ्य को 'बंधक' बनाने की यह प्रवृत्ति कहीं न कहीं नर्सेज कैडर की नैतिक जवाबदेही को कटघरे में खड़ा करती है।
प्रशासनिक लाचारी और उच्च अधिकारियों की चुप्पी: दूसरी ओर, जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग के उच्चाधिकारियों का रवैया भी बेहद निराशाजनक और गैर-जिम्मेदाराना नजर आ रहा है। अस्पताल में कई दिनों से सुलग रहे इस विवाद और 5-सदस्यीय कमेटी की अनदेखी के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते कोई बीच का रास्ता निकालने की जहमत नहीं उठाई। शीर्ष प्रबंधन की यह ढिलाई और अनिर्णय की स्थिति ही अंततः आम जनता के लिए आफत बन गई है।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि पीएमओ का रवैया सकारात्मक नहीं हुआ और नर्सिंग अधीक्षक के अधिकारों को बहाल नहीं किया गया, तो जिला अस्पताल दौसा में रोजाना दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में बने सिंह गुर्जर, विनोद, सतीश मीणा, अरविंद योगी, सत्यनारायण मीणा, भवानी शंकर शर्मा, गायत्री गुप्ता, लाली मीणा, सीमा मौर्य, ज्योति शर्मा, दिनेश बैरवा, रामावतार मीणा, रामकेश मीणा, राधाकिशन मीणा, सतीश मीणा, अरविंद योगी, राकेश सैनी, अरबाज खान, राजमेश मेडिकल जिलाध्यक्ष विजय कुमार मीणा, जगमोहन मीणा, बाबू सरिया, हुकुम गुर्जर, ओम प्रकाश मीणा, मीठा लाल मीणा, गजेंद्र मीणा, सीताराम मीणा तथा महेंद्र मीणा सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग कार्मिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement