26-Year-Old Woman Dies During Treatment in Udaipur: Angry Family Smashes Clinic Signboard-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 9, 2026 1:05 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

उदयपुर में इलाज के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत : गुस्साए परिजनों ने क्लिनिक का बोर्ड तोड़ा, ससुर बोले—ड्रिप व इंजेक्शन के बाद मुंह से झाग आने लगे

khaskhabar.com: बुधवार, 12 अगस्त 2026 7:51 PM (IST)
उदयपुर में इलाज के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत : गुस्साए परिजनों ने क्लिनिक का बोर्ड तोड़ा, ससुर बोले—ड्रिप व इंजेक्शन के बाद मुंह से झाग आने लगे
बापू बाजार के क्लिनिक का मामला; डॉक्टर फरार, परिजनों ने मोर्चरी के बाहर दिया धरना उदयपुर। उदयपुर शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र स्थित बापू बाजार में बुधवार सुबह इलाज के दौरान 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने क्लिनिक के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक जोरदार हंगामा किया तथा बाहर लगा बोर्ड तोड़ दिया। हालांकि, स्थिति बिगड़ती देख आरोपी डॉक्टर क्लिनिक बंद करके मौके से भाग निकला।
मृतका की पहचान श्रद्धा तेली (26), निवासी रामपुरा अंबाबाड़ी के रूप में हुई है।
ड्रिप चढ़ाने के बाद बिगड़ी तबीयत, मुंह से आने लगे झाग
मृतका के ससुर शिवलाल ने बताया कि श्रद्धा को सामान्य पेट दर्द की शिकायत होने पर सुबह करीब 9 बजे बापू बाजार स्थित 'डॉ. बख्तारवारलाल क्लिनिक' ले जाया गया था:
ड्रिप व इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत: डॉक्टर ने मरीज को ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाई और दूसरी ड्रिप में एक इंजेक्शन लगाया। इसके तुरंत बाद श्रद्धा की तबीयत बिगड़ने लगी, मुंह से झाग आने लगे और वह तड़पते हुए बेहोश हो गई।
निजी अस्पताल में मृत घोषित: डॉक्टर से सवाल करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलवाकर मरीज को जागृति हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर पर पर्ची से रेफर नोट मिटाने का आरोप
मृतका के पति हरीश तेली (जो मसाला फैक्ट्री में कार्यरत हैं) ने रोते हुए बताया कि उनकी पत्नी घर से बिल्कुल ठीक स्थिति में निकली थी। हरीश ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने परामर्श पर्ची पर पहले प्राइवेट अस्पताल रेफर करने की बात लिखी और बाद में पेन से गोला बनाकर उसे मिटाने का प्रयास किया, जबकि नियमानुसार सरकारी अस्पताल रेफर किया जाना चाहिए था।
मृतका अपने पीछे एक 2 साल की बेटी और 7 महीने के मासूम बेटे को छोड़ गई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे परिजन
घटना की सूचना पर डीएसपी छवि शर्मा और सूरजपोल थानाधिकारी सूर्यभान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश कर परिजनों को शांत कराया।
परिजन क्लिनिक को तुरंत सीज करने, दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और आर्थिक मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। शव को महाराणा भूपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहाँ मांगें पूरी न होने तक परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया है और मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। परिजनों का एक प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर से मिलने पहुंचा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement