Fight against brain stroke: Adopt BE FAST, save lives and smiles-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 16, 2026 10:02 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ब्रेन स्ट्रोक से जंग : BE FAST अपनाएं, जिंदगी और मुस्कान बचाएं

khaskhabar.com: बुधवार, 07 अक्टूबर 2026 1:28 PM (IST)
ब्रेन स्ट्रोक से जंग : BE FAST अपनाएं, जिंदगी और मुस्कान बचाएं
हमारे शरीर का सबसे संवेदनशील और ताकतवर अंग हमारा मस्तिष्क यानी दिमाग है। यह हमारे हर विचार, हर हरकत, बोली और भावना को संचालित करता है। लेकिन सोचिए, अगर इसी दिमाग को मिलने वाली ऑक्सीजन और खून की सप्लाई अचानक बंद हो जाए, तो क्या होगा? इसी आपात स्थिति को चिकित्सीय भाषा में ब्रेन स्ट्रोक कहा जाता है। अक्सर लोग इसे दिल के दौरे (हार्ट अटैक) जैसा मान लेते हैं, लेकिन स्ट्रोक असल में दिमाग का दौरा है। जब दिमाग की किसी नस में खून का थक्का जम जाता है (इस्कीमिक स्ट्रोक) या कोई कमजोर नस अचानक फट जाती है (हेमरेजिक स्ट्रोक), तो दिमाग के उस हिस्से को ऑक्सीजन मिलना बंद हो जाता है। इसके चलते मस्तिष्क की कोशिकाएं प्रति मिनट लाखों की संख्या में नष्ट होने लगती हैं।
स्ट्रोक की सबसे डरावनी बात यह है कि यह बिना किसी पूर्व चेतावनी के आता है। एक पल पहले हंसता-खेलता इंसान अगले ही पल अपनी सुधबुध खो सकता है। ऐसे में 'अचानक' और 'तुरंत'—ये दो शब्द मरीज के भविष्य का फैसला करते हैं। तुरंत सही कदम उठाया जाए, तो मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट सकता है; और जरा सी लापरवाही जिंदगीभर की लाचारी या मौत का सबब बन सकती है।
'BE FAST' फॉर्मूला: स्ट्रोक की तुरंत पहचान का जीवनमंत्र स्ट्रोक आने पर अक्सर परिवार के लोग भ्रमित हो जाते हैं। कोई इसे गैस की समस्या समझता है, तो कोई सामान्य कमजोरी या थकान मानकर आराम करने की सलाह देता है। यही गलती सबसे भारी पड़ती है। चिकित्सा विशेषज्ञों ने आम जनता के लिए स्ट्रोक के संकेतों को बेहद आसान शब्दों में पिरोया है, जिसे BE FAST कहा जाता है। इस नियम का हर अक्षर एक जीवनरक्षक संकेत है:
B - Balance (संतुलन खोना): मरीज का अचानक चलते-चलते लड़खड़ाना, पैर डगमगाना या अचानक तेज चक्कर आना। यदि कोई व्यक्ति बिना किसी वजह के अपना संतुलन न बना पाए, तो यह दिमाग के पिछले हिस्से में रक्त प्रवाह रुकने का संकेत हो सकता है।
E - Eyes (आंखों की रोशनी में बदलाव): एक या दोनों आंखों से अचानक धुंधला दिखाई देना, दोहरा दिखना (डबल विजन) या कुछ पलों के लिए आंखों के आगे पूरी तरह अंधेरा छा जाना।
F - Face (चेहरा ढलना या टेढ़ा होना): मरीज को मुस्कुराने के लिए कहें। यदि मुस्कराते समय उसका चेहरा एक तरफ लटक रहा हो, मुंह का कोना टेढ़ा हो जाए या लार टपकने लगे, तो यह चेहरे की नसों के प्रभावित होने का स्पष्ट लक्षण है।
A - Arm (हाथ या पैर की कमजोरी): मरीज से दोनों हाथ ऊपर उठाने को कहें। यदि एक हाथ अपने आप नीचे गिरने लगे, या उसमें भारीपन, सुन्नता और कमजोरी महसूस हो कि वह चाय का कप भी न पकड़ पाए, तो यह गंभीर चेतावनी है।
S - Speech (बोली में लड़खड़ाहट): मरीज से कोई साधारण वाक्य बोलने को कहें, जैसे "आज मौसम अच्छा है।" यदि उसकी आवाज में लड़खड़ाहट हो, शब्द साफ न निकल रहे हों, वह तुतलाने लगे या दूसरों की सीधी बात समझने में असमर्थ हो, तो समझें कि मस्तिष्क का भाषा केंद्र खतरे में है।
T - Time (समय का महत्व): यदि ऊपर बताए गए लक्षणों में से कोई एक भी नजर आए, तो एक सेकंड भी बर्बाद न करें। तुरंत घड़ी देखें, आपातकालीन एम्बुलेंस (108) को कॉल करें या सीधे न्यूरोलॉजी सुविधा वाले अस्पताल की ओर निकलें।
गोल्डन आवर की अहमियत:
हर मिनट दिमाग की रक्षाः
चिकित्सा विज्ञान में स्ट्रोक के शुरुआती 3 से 4.5 घंटे को गोल्डन आवर (स्वर्णिम काल) कहा जाता है। इसे सुनहरा समय इसलिए कहते हैं क्योंकि इस दौरान आधुनिक चिकित्सा से मरीज को नया जीवन दिया जा सकता है। यदि मरीज इस समय सीमा के भीतर अस्पताल पहुंच जाता है, तो डॉक्टर सीटी स्कैन या एमआरआई करके तुरंत स्ट्रोक का प्रकार तय करते हैं। यदि स्ट्रोक खून के थक्के से हुआ है, तो एक विशेष इंजेक्शन (tPA/थ्रोम्बोलिटिक दवा) देकर थक्के को पूरी तरह घुला दिया जाता है।
रक्त प्रवाह बहाल होते ही दिमाग की कोशिकाएं मरने से बच जाती हैं। इसके अलावा आधुनिक 'मैकेनिकल थ्रोम्बेक्टोमी' तकनीक से तार डालकर थक्के को बाहर भी निकाला जा सकता है। लेकिन यदि यह तय समय बीत गया, तो दिमाग का वह हिस्सा हमेशा के लिए मृत हो जाता है। इसके बाद मरीज भले ही बच जाए, लेकिन उसे जीवनभर पक्षाघात (लकवा), बोलने में असमर्थता या दूसरों पर निर्भरता झेलनी पड़ सकती है। इसलिए याद रखें—Time is Brain (समय ही दिमाग है)।
क्या करें और किन गलतियों से बचेंः
किसी भी आपात स्थिति में सही कदम उठाने के साथ-साथ यह जानना भी जरूरी है कि क्या नहीं करना चाहिए। घरेलू नुस्खे बिल्कुल न आजमाएं: मरीज को तेल की मालिश करना, प्याज सुंघाना, कान में सुई चुभोना या नींबू पानी पिलाना जैसी गलतियां जानलेवा साबित हो सकती हैं।
खाने-पीने को कुछ न दें:
स्ट्रोक के दौरान मरीज की भोजन नली पर नियंत्रण खत्म हो सकता है। ऐसे में पानी या दवा देने पर वह सांस की नली में जा सकती है (एस्पिरेशन), जिससे दम घुट सकता है। खुद दवा न दें: बहुत से लोग दिल के दौरे की समझ में एस्पिरिन जैसी खून पतला करने वाली दवाएं दे देते हैं। यदि स्ट्रोक नस फटने (ब्रेन हेमरेज) से हुआ हो, तो एस्पिरिन देने से मरीज की जान तुरंत जा सकती है। केवल डॉक्टर की जांच के बाद ही दवा दी जानी चाहिए।
सही अस्पताल चुनें:
मरीज को सीधे ऐसे अस्पताल ले जाएं जहां 24 घंटे सीटी स्कैन, आईसीयू और न्यूरोलॉजिस्ट या फिजिशियन की सुविधा उपलब्ध हो।
बचाव और जागरूकता ही सबसे बड़ी ढालः
स्ट्रोक अचानक जरूर आता है, लेकिन इसकी जमीन कई महीनों या सालों में तैयार होती है। उच्च रक्तचाप (हाई बीपी), डायबिटीज, मोटापा, धूम्रपान, शराब का अत्यधिक सेवन, अत्यधिक मानसिक तनाव और शारीरिक गतिविधि की कमी इसके मुख्य कारण हैं। बीपी और शुगर को नियंत्रित रखकर, नियमित 30 मिनट टहलकर और स्वस्थ खानपान अपनाकर स्ट्रोक के 80 फीसदी मामलों को रोका जा सकता है।
BE FAST केवल एक डॉक्टरी फॉर्मूला नहीं, बल्कि हर जागरूक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। घर, दफ्तर या सड़क पर जब भी किसी को लड़खड़ाते या तुतलाते देखें, तो इस सूत्र को याद करें। आपकी थोड़ी सी सजगता और त्वरित निर्णय किसी परिवार को बिखरने से बचा सकता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement