Illegal chemical business busted, flammable material worth lakhs seized, one arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 14, 2026 11:52 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अवैध केमिकल कारोबार का भंडाफोड़, लाखों का ज्वलनशील पदार्थ जब्त, एक गिरफ्तार

khaskhabar.com: रविवार, 20 जुलाई 2025 9:06 PM (IST)
अवैध केमिकल कारोबार का भंडाफोड़, लाखों का ज्वलनशील पदार्थ जब्त, एक गिरफ्तार
पाली। सीआईडी क्राइम ब्रांच टीम ने वांटेड अपराधियों और संगठित गिरोहों पर नकेल कसते हुए एक बड़े और खतरनाक अवैध केमिकल कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज ऑपरेशन में लाखों रुपये का ज्वलनशील बेंजीन केमिकल जब्त किया गया है, और मुख्य सरगना मौके से फरार होने में सफल रहा, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध दिनेश एमएन के निर्देशन और उप महानिरीक्षक पुलिस योगेश यादव तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम का नेतृत्व पुलिस उप अधीक्षक फूलचंद टेलर और पुलिस निरीक्षक राम सिंह नाथावत कर रहे थे, जो प्रदेश में वांटेड अपराधियों और संगठित गिरोहों के संबंध में आसूचना संकलन और धरपकड़ का कार्य कर रही है। ऑपरेशन पर्दाफाश: शनिवार शाम को, टीम के सदस्यों एएसआई बनवारी लाल, हेड कांस्टेबल हेमंत शर्मा, महेश सोमरा और महावीर सिंह को जैतपुरा, पाली स्थित गोदारा होटल के पास अवैध गतिविधियों की पुख्ता जानकारी मिली। सूचना मिलते ही तुरंत थाना गुड़ाएंदला पुलिस को अवगत कराया गया और पुलिस टीम तत्परता से मौके पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि होटल के पास एक खाली प्लॉट में गुजरात पासिंग का एक टैंकर और एक पिकअप वाहन खड़ा था। पिकअप से ड्रम उतारे जा रहे थे और टैंकर से पाइप के जरिए नीले ड्रमों में केमिकल भरा जा रहा था। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। पिकअप वाहन कीचड़ में फंस गया, जिससे उसमें सवार लोग खेतों की तरफ भागने में कामयाब रहे।
टैंकर चालक नेमाराम देवासी पुत्र तिलोकराम (47) निवासी रायपुर, ब्यावर, ने टैंकर भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। हालांकि, उसका साथी गेनसिंह निवासी धारवी खुर्द, बाड़मेर, मौके से भागने में सफल रहा।
जान से खिलवाड़ और मुनाफे का लालचः पूछताछ में चालक नेमाराम ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि टैंकर में भरा बेंजीन केमिकल भटिंडा, पंजाब से दहेज, गुजरात ले जाया जा रहा था। रास्ते में वह अपने परिचित गेनसिंह के साथ मिलकर टैंकर की सील से छेड़छाड़ किए बिना ही ढक्कन खोलकर केमिकल निकाल लेता था और उसे सस्ते दामों पर बेच देता था। यह सब केवल मुनाफा कमाने के लालच में किया जा रहा था। गेनसिंह अन्य गुजरात जाने वाले ट्रक चालकों को भी लालच देकर केमिकल चोरी करवाता था।
सबसे गंभीर बात यह थी कि मौके पर ज्वलनशील पदार्थ के भंडारण के लिए कोई सुरक्षा उपाय नहीं थे, और पास ही में एक होटल होने के कारण किसी भी वक्त एक बड़ी दुर्घटना होने का खतरा था। स्थानीय प्रशासन से पता चला कि इस तरह के केमिकल भंडारण के लिए कोई लाइसेंस या परमिशन जारी नहीं की गई थी। पुलिस ने नेमाराम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाही, जीवन को खतरे में डालने और धोखे से संपत्ति के गबन के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विस्तृत जांच जारी है।
कार्रवाई में जब्त सामान: 06 ड्रमों में संदिग्ध ज्वलनशील रसायन (लगभग 1293.1 किलोग्राम), 29 खाली ड्रम, 02 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, 02 रबर पाइप, 02 स्टील के कीमे (फनल), 41.680 मिट्रिक टन केमिकल से भरा टैंकर, पिकअप वाहन। इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक फूलचंद टेलर और पुलिस निरीक्षक राम सिंह नाथावत के नेतृत्व में एएसआई बनवारी लाल, हेड कांस्टेबल हेमंत शर्मा, महेश सोमरा एवं महावीर सिंह, उप निरीक्षक प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल गंगाराम, गोपाल धाबाई, विजय सिंह, जितेंद्र कुमार तथा गुड़ाएंदला थाने के एएसआई करण सिंह मय टीम का विशेष योगदान रहा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement