Bihar: Woman Dies in Elephant Attack in Nawada; Panic Grips the Region-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 16, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

बिहार : नवादा में हाथी के हमले से महिला की मौत, इलाके में दहशत

khaskhabar.com: बुधवार, 08 अप्रैल 2026 11:30 AM (IST)
बिहार : नवादा में हाथी के हमले से महिला की मौत, इलाके में दहशत
नवादा । बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हाथियों के झुंड ने एक वृद्ध महिला की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, माधोपुर गांव निवासी शिव रत्न प्रसाद यादव की मां मुन्ना देवी (70) खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक करीब दो दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड जंगल की ओर से निकलकर खेतों की तरफ आ गया। हाथियों को देखते ही आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मुन्ना देवी को संभलने का मौका नहीं मिल सका। मृतका के पुत्र शिव रत्न प्रसाद यादव ने बताया कि उनकी मां खेत में काम कर रही थीं, तभी एक हाथी ने उन्हें देख लिया और उनकी ओर दौड़ पड़ा। इससे पहले कि वे कुछ समझ पातीं, हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, वन विभाग को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है ताकि हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेजा जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हाथियों का झुंड अक्सर आता रहता है, जिससे फसलों को भी नुकसान होता है और अब जान का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग भयभीत हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आए दिन जंगली जानवर आ जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है, कई बार प्रशासन से कहा गया, लेकिन वह ध्यान नहीं दे रहा है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement