Bihar: Wanted Liquor Mafia Kingpin Raja Sah Arrested; STF Nabs Him from Muzaffarpur Railway Station Complex-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 16, 2026 3:54 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

बिहार: वांछित शराब माफिया राजा साह गिरफ्तार, एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से दबोचा

khaskhabar.com: बुधवार, 08 अप्रैल 2026 2:48 PM (IST)
बिहार: वांछित शराब माफिया राजा साह गिरफ्तार, एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से दबोचा
मुजफ्फरपुर । बिहार के मोतिहारी जिले में जहरीली शराब से 10 लोगों की मौत और कई लोगों के इससे पीड़ित होने के बाद पुलिस शराब माफियाओं के खिलाफ एक्शन में है। इस बीच, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाने वाले मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाने के वांछित और कुख्यात शराब माफिया राजा साह उर्फ राजा गुप्ता को मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से धर दबोचा है। पुलिस इसे अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता मान रही है। बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा अपराधी राजा साह मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार की देर रात एसटीएफ की एक टीम ने जाल बिछाया और स्टेशन परिसर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई का रहने वाला है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि राजा साह के खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार शराब तस्कर पर शराब तस्करी के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी गंभीर कांड दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि यह हथौड़ी थाना कांड संख्या 219/25 के तहत बिहार मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) में वांछित था।
राजा साह के पास से 10,695 रुपये नकद, दो मोबाइल, तीन सिम कार्ड, दो क्रेडिट कार्ड भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस गिरफ्तार शराब तस्कर से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और बरामद सिम कार्डों का उपयोग किन आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
बता दें कि बिहार के मोतिहारी जिले में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चला रखी है। बिहार में 2016 से किसी भी प्रकार के शराब पर प्रतिबंध है। शराबबंदी कानून के लागू होने के बाद से ही इसे लेकर राजनीति भी खूब होती रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement