Bihar: Double murder in Samastipur sparks sensation; two youths killed, police investigating potential gang war angle-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jul 23, 2026 4:07 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिहार : समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी; दो युवकों की हत्या, गैंगवार के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

khaskhabar.com: बुधवार, 08 जुलाई 2026 12:04 PM (IST)
बिहार : समस्तीपुर में डबल मर्डर से सनसनी; दो युवकों की हत्या, गैंगवार के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर । बिहार के समस्तीपुर जिले में मंगलवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में अज्ञात बदमाशों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान प्रभात चौधरी और सन्नी कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस इस हत्याकांड की जांच गैंगवार सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है। पुलिस के अनुसार, देर रात नामापुर दरियापार गांव में अज्ञात अपराधियों ने प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) समेत कई थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, अपराधियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।
गौरतलब है कि मृतक प्रभात चौधरी पहले भी अपराधियों के निशाने पर रह चुका था। कुछ समय पहले समस्तीपुर कोर्ट परिसर में पेशी के लिए लाए जाने के दौरान उस पर अपराधियों ने फायरिंग की थी। उस हमले में वह बाल-बाल बच गया था। ऐसे में पुलिस पुराने मामले और वर्तमान हत्याकांड के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दावा किया है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement