नाना पाटेकर के दमदार किरदार, 'परिंदा' के अन्ना से 'वेलकम' के उदय शेट्टी तक यादगार रहा सफर

1989 में विधु विनोद चोपड़ा की 'परिंदा' नाना के करियर की सबसे अहम फिल्मों में शामिल हुई। इसमें उन्होंने 'अन्ना' नामक खतरनाक अपराधी का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। इसके बाद 1990 के दशक में 'अग्निसाक्षी', 'खामोशी: द म्यूजिकल', 'राजू बन गया जेंटलमैन', 'अंगार', 'तिरंगा', 'गुलाम-ए-मुस्तफा', 'यशवंत' और 'कोहराम' जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
2004 में आई 'अब तक छप्पन' में नाना ने पुलिस अधिकारी साधु आगाशे की भूमिका निभाई। इसके बाद वह प्रकाश झा की 'अपहरण' में नजर आए। 'टैक्सी नंबर 9211', 'वेलकम', 'राजनीति', 'द अटैक्स ऑफ 26/11' और 'काला' जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए।
अब तक की फिल्मों में नाना की पहचान एक गंभीर भूमिकाओं की रही लेकिन 2007 की 'वेलकम' ने उन्हें नए अंदाज में पेश किया। फिल्म में उन्होंने उदय शेट्टी का किरदार निभाया और कॉमेडी टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया। उदय शेट्टी आज भी हिंदी फिल्मों के यादगार कॉमिक किरदारों में गिना जाता है।
नाना पाटेकर का मराठी सिनेमा से रिश्ता भी हमेशा मजबूत रहा। 'पक पक पकाक', 'देऊल', 'नटसम्राट', 'आपला मानस', 'डॉ. प्रकाश बाबा आमटे: द रियल हीरो', 'यशवंतराव चव्हाण- बखर एका वादालाची' और 'ओले आले' जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया।
नाना ने अभिनय के अलावा निर्देशन में भी हाथ आजमाया। 1991 में उन्होंने 'प्रहार: द फाइनल अटैक' का निर्देशन किया, जो भारतीय सेना और एक अनुशासित कमांडो की कहानी पर आधारित थी। कला और सिनेमा में योगदान के लिए उन्हें 2013 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
सिनेमा के अलावा नाना पाटेकर सामाजिक कामों से भी जुड़े रहे। वह महाराष्ट्र में किसानों और सूखे से प्रभावित परिवारों की मदद से जुड़े प्रयासों में सक्रिय रहे। निजी जिंदगी को उन्होंने हमेशा मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाना पाटेकर को गुरुवार सुबह गोवा के डोना पाउला स्थित उनके घर पर कार्डियक अरेस्ट आया। उन्हें मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए लगातार सीपीआर देने की कोशिश की। हालांकि, प्रयास सफल नहीं हो सके और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
यह भी प�?े
बॉलीवुड
Advertisement
Traffic
Features


