Anupriya Nagar on the success of the film Hanuman Ansh, said that it earned more than expected-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 14, 2026 10:37 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हनुमान अंश फिल्म की सफलता पर अनुप्रिया नागर बोलीं, उम्मीद से कहीं ज्यादा कमाई

khaskhabar.com: रविवार, 13 सितम्बर 2026 5:08 PM (IST)
हनुमान अंश फिल्म की सफलता पर अनुप्रिया नागर बोलीं, उम्मीद से कहीं ज्यादा कमाई
बॉलीवुड डेस्क। गाजियाबाद हनुमान अंश की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर के लिए इस फिल्म की कहानी उनके सफर से गहराई से जुड़ी हुई है। यूके में पढ़ाई के दौरान जब उन्होंने नीम करौली बाबा के बारे में रिसर्च की, तो उन्हें पता चला कि बाबा की सोच से एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स समेत कई विदेशी लोग प्रभावित थे।
एक भारतीय होने के बावजूद बाबा के बारे में विदेशियों के जरिए जानना अनुप्रिया के मन में ऐसा सवाल छोड़ गया, जिसने उन्हें इस कहानी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। उस समय उन्होंने किताब और कॉमिक बुक जैसे कई विचार सोचे थे, लेकिन किस्मत उन्हें सीधे हनुमान अंश की स्क्रिप्ट तक ले गई। आज फिल्म जिस तरह दर्शकों के बीच पसंद की जा रही है और बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर रही है, उसे देखकर अनुप्रिया का कहना है कि उन्हें भी इस सफलता की उम्मीद नहीं थी।
अनुप्रिया नागर ने अपने सफर को याद करते हुए कहा, मैं यूके में पढ़ रही थी, इकोनॉमिक्स कर रही थी। मेरी यूके में जॉब लग गई थी और मेरा भारत वापस आने का कोई प्लान नहीं था। फाइनल ईयर में जब मैं रिसर्च कर रही थी, तब मैंने देखा कि नीम करौली बाबा ने एप्पल के फाउंडर स्टीव जॉब्स को प्रभावित किया। इसके साथ दूसरे विदेशी लोगों को भी प्रभावित किया। ऐसे में मेरे दिमाग में एक सवाल आया कि मैं भारतीय हूं लेकिन नीम करौली बाबा के बारे में मुझे विदेशियों से क्यों पता चला।
अनुप्रिया ने अपने अनुभव को याद करते हुए कहा, उस समय मैं जेन जी के नजरिए से इस कहानी को लोगों तक पहुंचाने के अलग-अलग तरीके सोचने लगी थीं। मेरे मन में किताब लिखने और कॉमिक बुक बनाने जैसे विचार आए। हालांकि जब मैं किसी काम से भारत वापस आई और मेरी मुलाकात प्रोड्यूसर रागिनी सोना से हुई। रागिनी ने मुझे बताया कि वह हनुमान अंश नामक फिल्म बना रही हैं और फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। ये जानकर मेरी जिज्ञासा बढ़ गई और मैंने फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ने की इच्छा जताई।
अनुप्रिया ने कहा, मैंने फिल्म की करीब 120 पेज की स्क्रिप्ट एक ही बार में पढ़ डाली। स्क्रिप्ट पढ़ते हुए मेरा कनेक्शन कहानी से इतना गहरा हो गया कि कई जगह मैं इमोशनल हुईं और कई जगह मेरे रोंगटे खड़े हो गए। इसी अनुभव ने मुझे सोचने पर मजबूर कर दिया कि अगर सिर्फ स्क्रिप्ट पढ़कर मैं इतना महसूस कर रही हूं, तो पर्दे पर पूरी फिल्म देखने के बाद दर्शकों पर इसका कितना असर होगा।
अनुप्रिया ने आगे कहा, फिल्म से जुड़ने के बाद इसकी सफलता की ऐसी उम्मीद मैंने नहीं की थी। फिल्म जिस तरह से कमाई कर रही है, वह हमारी उम्मीदों से कहीं ज्यादा है। मैं इस सफलता को सिर्फ बॉक्स ऑफिस नंबर नहीं बल्कि लोगों के फिल्म से जुड़ने के रूप में देखती हूं। करीब 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी हनुमान अंश फिल्म ने रिलीज के पहले दिन महज 10 लाख रुपए की नेट कमाई की थी।
शुरुआत धीमी रही लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ी और कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला। रिलीज के 37वें दिन शनिवार को फिल्म ने 18.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। शनिवार को फिल्म के 7,449 शो हुए। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 192.13 करोड़ रुपए है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement