Anupam Kher Offers Prayers at Ayodhya Ram Mandir; Seeks Blessings Before Starting Shoot for Shri Ram Bhumi-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jul 23, 2026 4:35 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अयोध्या में अनुपम खेर ने राम मंदिर में की पूजा, ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग शुरू करने से पहले लिया आशीर्वाद

khaskhabar.com: बुधवार, 08 जुलाई 2026 12:42 PM (IST)
अयोध्या में अनुपम खेर ने राम मंदिर में की पूजा, ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग शुरू करने से पहले लिया आशीर्वाद
अयोध्या । अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग शुरू करने से पहले अयोध्या पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने रामलला और भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया और इसके बाद फिल्म की शूटिंग की शुरुआत की। अभिनेता अनुपम खेर ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि फिल्म ‘श्री राम भूमि’ राम मंदिर के निर्माण की यात्रा, उससे जुड़े संघर्षों और उन कठिन परिस्थितियों पर आधारित है, जिनका सामना मंदिर निर्माण के दौरान करना पड़ा। यह फिल्म उन प्रयासों और चुनौतियों को दर्शाने की कोशिश करेगी, जिनके बाद राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ। अनुपम खेर ने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन मामले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी गलत घटना के लिए मंदिर या आस्था को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी घर में चोरी होती है तो दोष घर का नहीं बल्कि चोरी करने वाले व्यक्ति का होता है।
उन्होंने कहा कि जो घटना हुई वह गलत थी और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कुछ लोगों की गलत हरकतों से मंदिर की पवित्रता और करोड़ों लोगों की आस्था प्रभावित नहीं हो सकती। उनके अनुसार, राम मंदिर के निर्माण के पीछे सैकड़ों वर्षों का संघर्ष और लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। अनुपम खेर ने कहा कि किसी भी नए प्रोजेक्ट की शुरुआत ईश्वर का आशीर्वाद लेकर करना उनके लिए महत्वपूर्ण है।
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि चोरी या किसी व्यक्ति के अपराध को पूरे समुदाय, धर्म या मंदिर से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। अभिनेता ने लोगों से अपील की कि वे ऐसी घटनाओं को उन लोगों के व्यक्तिगत कृत्य के रूप में देखें जिन्होंने गलत काम किया है।
अनुपम खेर ने कहा कि भगवान राम और सनातन परंपरा का अस्तित्व प्राचीन काल से रहा है और किसी एक घटना के कारण लोगों की श्रद्धा कमजोर नहीं होनी चाहिए। जिन श्रद्धालुओं ने मंदिर में दान दिया, उन्होंने श्रद्धा और विश्वास के साथ दिया था।
उन्होंने बताया कि उनकी नई फिल्म 'श्री राम जन्मभूमि' की शूटिंग अयोध्या में 10 से 12 दिनों तक चलेगी और इसकी शुरुआत भगवान श्रीराम व हनुमान जी के आशीर्वाद से की गई है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement