Planning a Trip to Sikar? Visit the Unique Hot-Water Picnic Spot That Flows in Every Season and Attracts Huge Crowds-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jan 20, 2026 12:21 pm
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सीकर: वो पिकनिक स्पॉट जहां हर मौसम में बहता है गर्म पानी, टूरिस्टों की रहती है भारी भीड़

khaskhabar.com: गुरुवार, 11 दिसम्बर 2025 6:53 PM (IST)
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में बसे सीकर जिले में कई ऐसे प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां पहुंचकर सर्दियों का मौसम और भी यादगार बन जाता है। पिकनिक, परिवार के साथ घूमना, प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेना—यहां हर तरह के यात्रियों के लिए कुछ न कुछ खास है। खास बात यह है कि सीकर के इन स्थानों में एक ऐसी प्राकृतिक जगह भी शामिल है, जहां साल के हर मौसम में गर्म पानी लगातार बहता रहता है। यह अनोखी जलधारा सैलानियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुकी है और हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसे देखने आते हैं।
गणेश्वर गांव: प्राकृतिक गर्म पानी वाला अनोखा गालव कुंड

सीकर जिले के नीमकाथाना उपखंड में स्थित गणेश्वर गांव अपनी प्राकृतिक गर्म जलधारा के लिए सबसे अधिक प्रसिद्ध है। यहाँ मौजूद गालव कुंड का पानी हमेशा गर्म रहता है और इसका तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहता है। हैरानी की बात यह है कि ठंडी सर्दियों में भी यह पानी गर्म ही रहता है और कहा जाता है कि यह जलधारा सीधे पहाड़ के गर्भ से निकलती है।
कुंड से लगातार 24 घंटे गर्म पानी बहता रहता है, इसलिए यहां पिकनिक मनाने और सुकून से समय बिताने के लिए सर्दियों में खास भीड़ उमड़ती है। आसपास का शांत वातावरण इसे और भी आकर्षक बनाता है।
हर्ष पर्वत: रोमांच, शांति और अद्भुत दृश्य एक साथ
सीकर का प्रसिद्ध हर्ष पर्वत अरावली पर्वतमाला का एक ऐतिहासिक हिस्सा है, जिसकी ऊंचाई लगभग 3100 फीट है। यहां स्थित हर्षनाथ मंदिर अपनी प्राचीन वास्तुकला के लिए जाना जाता है और इसे स्थानीय लोग राजस्थान का ‘केदारनाथ’ भी कहते हैं।
इस पर्वत तक पहुंचने का रास्ता खूबसूरत घाटियों से होकर गुजरता है, जो ट्रेवलर्स और नेचर लवर्स के लिए बेहद खास अनुभव प्रदान करता है। ऊंचाई पर स्थापित विशाल पवन चक्कियां फ़ोटोशूट, वीडियोग्राफी और रील बनाने के लिए भी सबसे पसंदीदा लोकेशन हैं। सर्दियों में यहां आने वाली भीड़ काफी बढ़ जाती है।
देवगढ़ गांव: किलों और बावड़ियों की विरासत
देवगढ़ गांव अपने पहाड़ी किले और खूबसूरत बावड़ियों के लिए जाना जाता है, जो शेखावाटी की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर को दर्शाते हैं। यहाँ मौजूद किला अपनी स्थापत्य कला और प्राकृतिक परिवेश के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है।
गांव की बावड़ियों की बनावट अन्य जगहों से बिल्कुल अलग है, जहाँ बैठकर परिवार के साथ समय बिताना और पिकनिक मनाना एक शानदार अनुभव बन जाता है। पुरानी संरचनाओं और खुले वातावरण के कारण यह इतिहास और फोटोग्राफी प्रेमियों के लिए आदर्श स्थान है।

ईको विलेज, कटराथल: देहाती जीवन का अनोखा अनुभव

सीकर शहर के पास स्थित कटराथल गांव का ईको विलेज हाल के वर्षों में एक आकर्षक पर्यटन स्थल बन चुका है। स्थानीय किसान द्वारा विकसित इस स्थान पर गोबर और मिट्टी से बने लग्जरी कमरे यात्रियों को ग्रामीण जीवन की वास्तविक झलक देते हैं।
यहां शहर की भागदौड़ से दूर शांत माहौल में आराम करने के साथ-साथ ऊंट सफारी, ग्रामीण भोजन और गांव की संस्कृति का अनुभव भी मिल जाता है। परिवारों और बच्चों के लिए यह एक बेहद यादगार पिकनिक डेस्टिनेशन है।

फतेहपुर: भित्तिचित्रों से सजी हवेलियों का शहर

शेखावाटी का फतेहपुर अपनी अनोखी और खूबसूरत हवेलियों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। 18वीं से 20वीं सदी के बीच बनाई गई ये हवेलियां भित्तिचित्रों, रंगीन कला और वास्तुकला का सुंदर मिश्रण हैं।
नादिन ले प्रिंस हवेली, नंदलाल देवरा हवेली, जगन्नाथ सिंघानिया हवेली और सेठ ज्वाला प्रसाद भरतिया हवेली यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। इन हवेलियों की दीवारों पर बने राधा–कृष्ण, राजस्थानी जीवनशैली और ऐतिहासिक चित्रों को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक पहुंचते हैं।
यह इलाका कला, संस्कृति और इतिहास प्रेमियों का पसंदीदा स्थान माना जाता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/6
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement