The state government attacked corruption, crime and caste-based politics: Chief Minister-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 26, 2023 10:15 pm
Location
Advertisement

राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार, क्राइम और जाति आधारित राजनीति पर किया प्रहार: मुख्यमंत्री

khaskhabar.com : गुरुवार, 02 मार्च 2023 9:56 PM (IST)
राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार, क्राइम और जाति आधारित राजनीति पर किया प्रहार: मुख्यमंत्री
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहाकि उन्होंने वर्ष 2014 में जब सत्ता संभाली थी तो संकल्प लिया था कि हर विधानसभा क्षेत्र में समान विकास करवाएंगे। 8 साल के कार्यकाल में सरकार ने बिना भेदभाव के प्रदेश की हर विधानसभा में नई-नई परियोजनाओं की सौगात दी है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को बल्लभगढ़ विधानसभा में 39 करोड़ 70 लाख रुपए की 3 परियोजनाओं के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने 11 करोड़ रुपए की लागत से बने बल्लभगढ़ के उप मंडलीय कार्यालय परिसर, 27 करोड़ रुपए से बने स्वर्गीय सुषमा स्वराज कन्या महाविद्यालय और लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपए से रानी की छतरी के जीर्णोद्धार एवं सौदर्यकरण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं उप मंडलीय कार्यालय परिसर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि राजा नाहर सिंह का बल्लभगढ़ से अनूठा रिश्ता है। इस शहर में स्थापित रानी की छतरी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य ऐतिहासिक दृष्टि से भी बहुत अच्छा है।
मनोहरलाल ने कहा कि इस बार प्रदेश के लिए 1 लाख 83 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। यदि नई डिमांड आएगी तो उन्हें भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहाकि हरियाणा की जनता मेहनती है। तभी हरियाणा देश के 19 बड़े राज्यों में अग्रणी राज्य है। यहां प्रति व्यक्ति आय सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जारी आंकड़ों के अनुसार देश में सबसे ज्यादा प्रति व्यक्ति जीएसटी कलेक्शन हरियाणा का है।
मुख्यमंत्री ने कहाकि हरियाणा की साख देश में बेहतर है। देश और दुनिया के लोग राज्य को पैसा देने के लिए खड़े हैं। प्रदेश की साख की वजह से ही आज 7 प्रतिशत ब्याज दर पर हरियाणा को पैसा मिल रहा है। दूसरे प्रदेशों की हालत ऐसी है कि उन्हें 10 प्रतिशत ब्याज दर पर भी पैसा नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहाकि उद्योग हरियाणा में आने के लिए तैयार हैं। निरंतर नई-नई कंपनियां स्थापित हो रही हैं। इंग्लैंड के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने भी उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहाकि हरियाणा में प्रगति बहुत हो रही है, इंग्लैंड के बहुत से लोग यहां निवेश करना चाहते हैं।
गैंगस्टर और नशा तस्करों पर किया प्रहारः
मनोहरलाल ने कहा कि उन्होंने मंथली, हफ्ता लेने वालों पर निरंतर ऑपरेशन चलाया है। गैंगस्टर और नशा तस्करों पर प्रहार किया है। उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाए हैं। उन्होंने कहाकि हरियाणा सरकार ने ऐसे गैंगस्टर और अवैध कामों में लिप्त करीब 350 लोगों की कमर तोड़ी है। उनकी संपत्तियों पर बुलडोजर चलवाए हैं। उन्होंने कहाकि हमने भ्रष्टाचार, क्राइम और जाति आधारित राजनीति पर भी प्रहार किया है। हरियाणा में योग्यता के आधार पर लोगों को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान और स्वावलंबन पर भी कार्य किया है। गरीब को आमदनी बढ़ाकर उन्हें पैरों पर खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के अंतर्गत 36 हजार लोगो को लोन दिलवाया है। आने वाले दिनों में 2 लाख लोगों को इस योजना के अंतर्गत लोन दिलवाने का लक्ष्य रखा गया है।
परिवार पहचान पत्र से बनी 3 लाख लोगों की स्वतः पेंशनः
मुख्यमंत्री ने कहाकि पहले योजनाओं का लाभ उठाने के लिए गरीब और जरूरतमंदों को धक्के खाने पड़ते थे। हमारी सरकार ने प्रदेश के 72 लाख परिवारों का डाटा जुटाया और परिवार पहचान पत्र बनाया। अब लोगों की स्वयं पेंशन बन रही है। पीपीपी के माध्यम से प्रदेश में 3 लाख लोगों की पेंशन बनी है। 12 लाख राशन कार्ड बनाए गए हैं। इसके अलावा चिरायु योजना शुरु की। अब प्रदेश में 29 लाख परिवार हैं। जो आयुष्मान व चिरायु योजना के अंतर्गत कवर हो रहे हैं। इसके साथ-साथ बजट में चिरायु योजना में 3 लाख आय वाले परिवारों को भी 1500 रुपए लेकर जोड़ने की घोषणा की है।
मोदी और मनोहर राज में हुआ विकासः
कृष्णपाल केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि 2014 से 2023 तक फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री मनोहरलाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जमकर विकास कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का ईमानदार नेतृत्व है, जो देश व प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2027 तक भारत जर्मनी और जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा।
रेलवे ट्रैक पर बने फुट ओवरब्रिजः
परिवहन मंत्री परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में निरंतर विकास हो रहा है। राजा नाहर सिंह की ऐतिहासिक नगरी में मुख्यमंत्री ने मिनी सचिवालय की सौगात दी है, जो अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निरंतर विकास परियोजनाओं की सौगात दे रहे हैं। उन्होंने बल्लभगढ़ में लगने वाले 3 किलोमीटर के रेलवे ट्रैक पर फुट ओवरब्रिज बनाने या अन्य समाधान निकालने की मांग रखी। इस अवसर पर विधायक नरेंद्र गुप्ता, राजेश नागर, सीमा त्रिखा, नयन पाल रावत, मेयर सुमन बाला और अन्य अतिथि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar Haryana Facebook Page:
Advertisement
Advertisement